सांऊघाट के मझौवामीर में बना नया हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर संवाद
बस्ती। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए शासन ने जिले में 38 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की सौगात दी है। प्रत्येक सेंटर के निर्माण पर 7.5 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। निर्माण पूरा होने के बाद हैंडओवर कर दिया गया है, अब यहां सीएचओ कार्य शुरू कर दिए हैं। जिले में 287 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं।
बता दें कि जिला अस्पताल, सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की भीड़ कम करने के लिए सरकार हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर का निर्माण करा रही है। इसके तहत इनमें से सभी पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) की तैनाती हो चुकी है। बताया गया कि 287 में सिर्फ 179 के पास खुद का भवन है, शेष हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर 108 प्राइवेट भवन में चल रहे हैं।
भवन बनने के बाद न सिर्फ ओपीडी की शुरुआत हुई, बल्कि शुगर, उच्च रक्तचाप, कैंसर सहित कई बीमारियों की स्क्रीनिंग जांच भी संभव हो सकी है। डिप्टी सीएमओ डॉ. एके चौधरी ने बताया कि जल्द ही सेंटरों का निर्माण पूर्ण होने के बाद हैंडओवर पर वहां सेवाएं शुरू करवा दी गई हैं।