समस्या के समाधान के लिए बीडीओ को ज्ञापन
पेंशन, निशुल्क बोरिंग और पात्रों को आवास दिलाने का मुद्दा उठाया
नौवागांव में तैनात सफाईकर्मी के गांव में सफाई न करने पर जताई नाराजगी
अमर उजाला ब्यूरो
भानपुर। भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति की ओर से रामनगर ब्लॉक परिसर मे बुधवार को किसान समस्याओं को लेकर पंचायत लगाई गई। इसकी अध्यक्षता रघुवर चौधरी और संचालन हीरालाल मौर्या ने किया। पंचायत कर किसानों ने समस्या समाधान के लिए बीडीओ हरिश्चन्द्र को ज्ञापन दिया।
तहसील अध्यक्ष अयोध्या नाथ तिवारी ने कहा कि जिन पात्र लाभार्थियों को पेंशन मिल रही थी किन्हीं कारणवश रोक दी गई है। उन्हें और नये पात्रों की जांच कराकर फौरी तौर पर पेंशन दिलाई जाए। मोल्हू चौधरी ने किसानों को निशुल्क बोरिंग योजना के तहत पाइप दिलाने की मांग उठाई। रघुवर चौधरी ने गांवों में मच्छररोधी दवा का छिड़काव कराने का मुद्दा उठाते हुए गांवों में जाम पड़ी नालियों की सफाई कराने की मांग की। साथ ही नौवागांव में तैनात सफाई कर्मी के गांव में आकर सफाई न करने की बात रखते हुए नाराजगी जताई। बीडीओ से कार्रवाई की मांग की। वक्ताओं ने पात्रों को आवास दिलाने के साथ ही ग्राम पंचायत तेनुआ असनहरा के बेलबना गांव की गरीब महिला अंजली को पारिवारिक लाभ दिलाने की मांग उठाई। बीडीओ ने आंदोलनकारियों को शीघ्र ही समस्या समाधान का आश्वास दिया। साथ ही नौवागांव में तैनात सफाईकर्मी की जांच कराकर उसके खिलाफ कार्रवाई कराने के लिए किसानों को आश्वस्त किया। इस मौके पर शिव प्रसाद, प्रहलाद, राजबली, राम करन, राम चरित्र, मुन्नीलाल, रामपत, सहित अनेक किसान मौजूद रहे।
कांग्रेसियों ने जाम किया पचपेड़िया मार्ग
सीओ सिटी को दिया डीएम को संबोधित ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कांग्रेसी नेताओं ने स्थानीय नागरिकों के साथ बुधवार को पचपेड़िया मार्ग जाम किया। सूचना के बाद पहुंचे सीओ सिटी आलोक सिंह को डीएम व एसई लोक निर्माण विभाग को संबोधित ज्ञापन दिया।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव अंकुर वर्मा के नेतृत्व में युवा कांग्रेस के नेता व आम जन पचपेड़िया मार्ग के पास एकत्रित हुआ। इसके बाद नारेबाजी करते हुए मार्ग जाम कर दिया। अंकुर ने कहा कि नगरीय क्षेत्र में निर्माण कार्यों में गुणवत्ताविहीन सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे करोड़ों लागत की सड़क चंद महीनों में ही टूट जाती है। पालिका पर आरोप मढ़ते हुए वर्मा ने कहा कि घटिया निर्माण का रिकॉर्ड पालिका कायम कर रही है। लंबे संघर्ष के बाद पचपेड़िया मार्ग का निर्माण कराया गया, मगर कुछ ही दिनों बाद ही इसकी हालत दयनीय हो गई है, जबकि यहां एक डिग्री कॉलेज, दो इंटर कॉलेज सहित कई विद्यालय हैं। यही नहीं यह हाईवे का संपर्क मार्ग भी है। उन्होंने मार्ग निर्माण कार्यों की जांच करा दोषी के खिलाफ कार्रवाई व रिकवरी की मांग उठाई। इस मौके पर युवा कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य त्रिपाठी, संदीप श्रीवास्तव, दुर्गेेश त्रिपाठी, संतोष भारद्वाज, रुपेश पांडेय, नागरिक रवि तिवारी, विक्की श्रीवास्तव, विपिन तिवारी, विनय चौधरी सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।
चूड़ी लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे रालोद नेता
एसडीएम को दिया पांच सूत्री ज्ञापन, हर मोर्चे पर सरकार को बताया विफल
अमर उजाला ब्यूरो
विक्रमजोत। एससी/एसटी एक्ट में संशोधन, बीडी बांध व ठोकर के पक्का निर्माण सहित पांच सूत्री मांग को लेकर रालोद नेता चंद्रमणि पांडेय उर्फ सुदामा पैदल मार्च करते हुए एसडीएम हर्रैया कार्यालय पहुंचे। वह सरकार के लिए चूड़ी लेकर यहां आए थे। बाद में मांगों का ज्ञापन व चूड़ी एसडीएम को दिया।
हर्रैया के मनवर तट से सुबह दस बजे चंद्रमणि पांडेय और सुदामा समर्थकों के साथ पैदल निकल पड़े। एसडीएम कार्यालय परिसर में उन्होंने सभा लगा दी। कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल है। समस्या सुनने के बजाय राज्य सरकार उससे बचने का प्रयास कर रही है। ऐसे में उसे चूड़ी पहन लेना चाहिए। आमजन की समस्याएं उसके लिए दूसरे नंबर पर हैं। बाढ़ की विभीषिका का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार को आड़े हाथ लिया। बोले बाढ़ग्रस्त परिवारों को राहत नहीं मिल पा रहा है। कटान से बेघर हुए लोगों को घर तो दूर जमीन तक मुहैया नहीं कराया जा सका है। सरकार एससी/एसटी कानून में संशोधन कर समस्याओं से लोगों को भटका रही है। आम जन इन स्थितियों से वाकिफ है।