तीन उम्मीदवार मैदान में, किसी ने नहीं वापस लिया नाम
बस्ती। स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र बस्ती-सिद्धार्थनगर सीट के लिए नामांकन दाखिल करने वाले किसी उम्मीदवार ने शुक्रवार को नाम वापस नहीं लिया। ऐसे में चुनाव में भाजपा और सपा के बीच सीधा मुकाबला होना तय है। सीट के लिए मतदान नौ अप्रैल को होगा।
एडीएम अभय कुमार मिश्र ने बताया कि बुधवार को तीनों प्रत्याशियों के नामांकन पत्र वैध पाए गए थे। नामांकन पत्र दाखिल करने वाले भाजपा के सुभाष यदुवंश, सपा के संतोष यादव सन्नी और निर्दलीय प्रत्याशी राजू सैनी में किसी ने नामांकन पत्र वापस नहीं लिया है। ऐसे में एमएलसी चुनाव में भाजपा और सपा के बीच सीधे मुकाबले की पृष्ठभूमि तैयार हो चुकी है। एडीएम ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच व वापसी की प्रक्रिया के बाद तीन उम्मीदवार मैदान में हैं।
निर्वाचन आयोग के एमएलसी चुनाव प्रक्रिया के मुताबिक दो या उससे अधिक उम्मीवार मैदान में रहने की स्थिति में नौ अप्रैल को मतदान कराया जाना है। मतदान के लिए कुल 37 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जहां कुल 6401 मतदाता सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसकी सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं।