एमआर की आत्महत्या में दूसरा आरोपित गिरफ्तार
सोनहा (बस्ती )। थानाक्षेत्र के गनवरिया निवासी हर्बल दवाओं की कंपनी के सेल्स रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) रविकांत मिश्र की आत्महत्या के मामले में दूसरे वांछित आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक रामकृष्ण मिश्र ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी आलोक पांडेय निवासी बनकटा थाना बांसी सिद्धार्थनगर मेडिकल कंपनी में एरिया मैनेजर का काम करता है।
27 जनवरी को रविकांत का शव गांव के बाहर बाग में स्थित पेड़ से लटकता मिला था। पुलिस मौके पर पहुंची और कपड़ों की तलाशी ली गई तो उनके जेब से दो पन्ने का सुसाइड नोट मिला था। जिसमें बताया गया था कि कंपनी के कर्मचारी उनका उत्पीड़न कर रहे थे। उनकी पत्नी को भी फोन करके धमकी देते थे। जिससे आजिज होकर रविकांत ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। दूसरे दिन इसके आधार पर मृतक के पिता राम सुरेश की तहरीर पर कंपनी के एरिया मैनेजर राहुल पाठक व आलोक पांडेय के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले के एक आरोपी राहुल को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। दूसरे आरोपी आलोक को पुलिस ने मंगलवार को भानपुर में रुधौली मोड़ से पकड़ लिया गया।