संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। समाज कल्याण विभाग ने छात्रवृत्ति पोर्टल पर बायोमेट्रिक न कराने वाले जिले के 214 शिक्षण संस्थानों को पोर्टल से हटाए जाने की चेतावनी जारी की है। साथ ही सप्ताह भर की मोहलत दी गई है।
छात्रवृत्ति योजना के तहत जिले के सभी शिक्षण संस्थानों का बॉयोमेट्रिक आथेंटिकेशन जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय में किया जा रहा है। अभी तक छात्रवृत्ति के लिए पंजीकृत कुल 643 संस्थानों में 214 ने बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन नहीं कराया है। जिसको लेकर मुख्यालय स्तर से नाराजगी जताई गई है। जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीप्रकाश पांडेय ने सभी 214 संस्थानों के जिम्मेदारों को नोटिस जारी कर दिया है।
साथ ही चेतावनी की है कि अगर सप्ताह भीतर उन्होंने ऑथेंटिकेशन नहीं करवाया तो उनके संस्थान का नाम छात्रवृत्ति पोर्टल से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
नोटिस जारी होने वाले संस्थानों में जहां कई डिग्री कॉलेज हैं, वहीं मेडिकल संस्थान, आईटीआई व इंटर कॉलेज भी शामिल हैं।