मारपीट के पांच मामलों में 15 पर मुकदमा
बस्ती। अलग-अलग थानाक्षेत्र में मारपीट के पांच मामलों में पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर 15 आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली थाने के चमरौहा सियरापार गांव में अकारण अपशब्द कहने, मारने-पीटने व जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने महेंद्र चौधरी की तहरीर पर सोनू चौधरी, पिंटू चौधरी व चिंटू चौधरी निवासी चमरौहा सियरापार थाना कोतवाली पर मुकदमा दर्ज किया है। पुरानी बस्ती थाने के अमौली में पुरानी रंजिश को लेकर अपशब्द कहने, मारने- पीटने व जान से मारने की धमकी देने के मामले में इकबाल अहमद निवासी राजा बाजार थाना पुरानी बस्ती की तहरीर पर असलम व नायब निवासीगण हड़िया चौराहा पर मुकदमा दर्ज किया है।
हर्रैया थाने के शेरवाडीह में दुकान पर आपसी विवाद को लेकर मारपीट के मामले में रहमत अली निवासी हर्रैया की तहरीर पर रुदल, अमन व मोमिना निवासी शेरवाडीह पर मुकदमा दर्ज किया है। दुबौलिया पुलिस ने क्षेत्र के अखनपुर में पारिवारिक बंटवारे को लेकर मारपीट के मामले में तलुकराज की तहरीर पर गांव के ही राम प्रवेश, श्रवण व लालजी पर मुकदमा दर्ज किया है। लालगंज पुलिस ने रघऊपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर अपशब्द कहते हुए डंडा /हॉकी से मार कर सिर फोड़ देने के मामले में रामचंद्र की तहरीर पर भुख्खल, मनोज, शिवकुमार व अखिलेश पर मुकदमा दर्ज किया है।