महिला अस्पताल में नहीं हो रही 24 घंटे की आपूर्ति
दो साल से केवल आश्वासन की घुट्टी पिला रहा निगम
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। शासन ने करीब साढ़े तीन साल पहले यह योजना बनाई कि अस्पतालों व न्यायालयों में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति होगी। इसके अनुपालन में विद्युत निगम ने जिले मुख्यालय पर स्थित तीनों अस्पतालों से प्रस्ताव मांगे और उसका कनेक्शन चार्ज लाखों रुपये जमा करा कर अलग से तीनों का फीडर लगा आपूर्ति दे दी। जिला अस्पताल व ओपेक चिकित्सालय कैली में तो 24 घंटे की आपूर्ति हो रही है, लेकिन करीब दो वर्ष से जिला महिला अस्पताल के लिए यह व्यवस्था केवल कागजी साबित हो रही है। इस अस्पताल में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सामान्य तरह से हो रही है। जिसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
जरूरी आवश्यकताओं में शुमार महिला अस्पताल की विद्युत आपूर्ति 24 घंटे रहे। इसके पीछे कारण यह है कि यहां पुराने भवन में वार्ड छोटे हैं और गर्मी के दिनों में इसमें भर्ती गर्भवती परेशान हो जाती हैं। इसके अलावा अस्पताल में एक और यूनिट है, जहां प्रसव के बाद बीमार या समय से पूर्व पैदा होने वाले बच्चों का जीवन बचाने का काम चलता है। इस यूनिट को 24 घंटे बिजली की जरूरत होती है। यहां 24 घंटे विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था बनाई जरूर गई, मगर अब यह व्यवस्था सिर्फ कागजों पर चल रही है। दो वर्ष से यह व्यवस्था ध्वस्त है। दो साल पहले जब नाला की खुदाई हो रही थी उस दौरान कई स्थानों पर भूमिगत केबिल कट गए और तब से अब तक उसे व्यवस्थित नहीं किया जा सका। केबल कटने का असर अस्पताल की विद्युत आपूर्ति पर भी पड़ा।
प्रमुख अधीक्षक डॉ. एके सिंह ने कहा कि दो साल में कई पत्र निगम व आला अफसरों को भेज चुके हैं। अब तक कुछ नहीं हुआ। विद्युत निगम के मुख्य अभियंता ओपी यादव ने कहा कि नाला खुदाई के दौरान केबल ज्यादा डैमेज हो गई थी। ऐसे में अब ओवरहेड लाइन की व्यवस्था की जा रही है। जल्द ही महिला अस्पताल की विद्युत व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी।