विक्रमजोत (बस्ती)। 70 साल की उम्र में नदी तैर कर उस पार जाने में वृद्ध की जान चली गई। हादसा छावनी थाना क्षेत्र के विक्रमजोत लोलपुर बांध (वीएल) से सटे गौरियानैन गांव के पास मंगलवार पूर्वाह्न 11 बजे हुआ।
क्षेत्र के गौरियानैन निवासी राम सुंदर (70) रोज कि तरह अपने मवेशियों को लेकर बंधे पर आ गए। पालतू पशुओं को घाघरा नदी को पार ले जाकर चराने जाते थे। मंगलवार को पहले भैसों को नदी के उस पार कर दिया था और खुद भी पार जाने के लिए नदी में उतर पड़े थे। अचानक संतुलन बिगड़ने से गहरे पानी में फंस गए जिसमें डूब गए। इस दौरान सहयोगी चरवाहों की नजर पड़ गई। डूबता देखकर शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर गांव वाले बांध पर पहुंच गए। गांव के कुछ तैराकों ने नदी में कूद का खोजना शुरू कर दिया। तभी सूचना पाकर पहुंचे विक्रमजोत पुलिस चौकी प्रभारी जय प्रकाश दुबे व थानाध्यक्ष छावनी संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। घाघरा नदी में चरवाहे के डूबने की खबर पर क्षेत्राधिकारी सतीश चंद्र शुक्ल और हर्रैया एसडीएम दिनेश कुमार भी घटना स्थल पर पहुुंचे। फैजाबाद जिला मुख्यालय पर से गोताखोरों को बुलाने का निर्देश दिया। मगर छावनी पुलिस के सिपाही मंगरे ने साहसिक प्रयास करते हुए नदी कि तलहटी से शव को खोज निकाला। छावनी पुलिस ने नदी से निकलवा कर पंचनामा लिखा कर परिजनों को लाश सौंप दी।