बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के पटेल चौक पर तेज गति निजी बस ने सड़क पार कर रही स्कूली बस में पीछे से साइड लग गई। स्कूली बस में 35 बच्चे थे जिसमें से आठ बच्चे घायल हुए जिसमें दो गंभीर रूप से घायल हैं।
हादसा सुबह करीब आठ बजे हुआ।बस चालक राम मनी तिवारी निवासी भानपुर और परिचालक महेश चौधरी ने बताया कि लग्जरी बस चालक की गलती थी। बस में लगभग 35 बच्चे सवार थे जिन्हें सोनहा थाना क्षेत्र के दुबौली, चकरफिया, असनहरा, भानपुर, सल्टोआ, मनोरी से लेकर हाइवे होते हुए महर्षि विद्यामंदिर पहुंचाया जाता है। पटेल चौक से मुड़कर हरदिया जाने के दौरान लखनऊ की ओर से तेज गति से पहुंची निजी बस चालक ने स्कूली बस को पीछे से चपेट में ले लिया और तेज रफ्तार में भाग निकली। झटका लगने से खुशी (15वर्ष), उसकी बहन छोटी निवासी नरखोरिया सहित आठ बच्चे घायल हुए हैं। घटना की जानकारी स्कूल प्रबंधन को दी गई। मौके पर स्कूल स्टॉफ पहुंचा और निजी वाहन से बच्चों को अस्पताल ले गए।अन्य बच्चों को उनके घर दूसरे वाहन से भेज दिया गया। महर्षि विद्यामंदिर के प्राचार्य आरके श्रीवास्तव ने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। कोतवाल विजयेन्द्र सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी होने पर घायलों को अस्पताल भेज गया, मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।