परिवार वालों ने पुलिस पर टरकाने का आरोप लगाकर एसएसपी कार्यालय में किया हंगामा
नवाबगंज। पत्नी के साथ ससुराल गए परोथी गांव में रहने वाले 22 वर्षीय राहुल की बाइक रामगंगा पुल पर खड़ी मिली। उस पर सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें लिखा कि ससुराल वालों की वजह से परेशान होकर गंगा में कूदकर जान दे रहा हूं। परिजन ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी तो पुलिस ने टरका दिया, जिस पर उन लोगों ने एसएसपी ऑफिस में हंगामा किया। इसके बाद थाना क्योलड़िया में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
नवाबगंज के परोथी गांव निवासी द्वारिका प्रसाद का बेटा राहुल एलएलबी का छात्र है। पिछले साल जून में क्योलड़िया के गांव कुंवरपुर तुलसीपट्टी की युवती से उसकी शादी हुई थी। रविवार को राहुल पत्नी को लेकर अपनी ससुराल गया था। रविवार रात करीब आठ बजे सुभाषनगर बरेली से फोन आया कि रामगंगा पुल पर उसकी बाइक मिली है। उस पर मोबाइल और एक सुसाइड नोट भी मिला है। परिजन थाना सुभाषनगर पहुंचे और गोताखोरों को बुलाकर राहुल की तलाश की गई मगर कोई नतीजा नहीं निकला।
‘परेेशान करते हैं सास-ससुर और पत्नी’
सुसाइड नोट में राहुल ने लिखा है, ‘मेरे सास-ससुर और मेरी पत्नी बहुत परेशान करते हैं, इसलिए मैं गंगा में कूदकर अपनी जान दे रहा हूं।’ साथ ही दो मोबाइल नंबर लिखकर अपने पापा को सूचना देने को लिखा था। राहुल के पिता ने बताया कि शादी के बाद से ही ससुरालियों से उसका विवाद चल रहा है। आरोप लगाया कि इसके कारण ही उनके बेटे की हत्या कर शव रामगंगा में फेंक दिया है।
तीन थानों ने टरकाया
राहुल का सुसाइड नोट बरामद होने के बाद परिजन थाना सुभाषनगर, नवाबगंज और क्योलड़िया में उसके ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने गए मगर हर जगह से उन्हें टरका दिया गया। इसके बाद सोमवार को शाम करीब वे लोग इकट्ठे होकर एसएसपी कार्यालय पहुंचे। एसएसपी नहीं मिले तो उनके कैंप कार्यालय पर गए। इसके बाद देर शाम थाना क्योलड़िया में घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।