भाजपा ने जातिवाद से ऊपर उठकर राष्ट्रवाद के लिए किया काम, पिछली बार से अधिक आएंगी सीटें
बरेली/बहेड़ी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह रविवार को बूथ सत्यापन के लिए अचानक बहेड़ी के गांव बंजरिया पहुंचे। यहां बंजरिया शक्ति केंद्र के बूथ 22, 23, 24 का सत्यापन किया। कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। इसके बाद किसानों के मुद्दों पर सिख समुदाय के साथ बैठक की। कहा, किसानों के खिलाफ पराली जलाने के मामले में दर्ज मुकदमों को वापस लिया जाएगा। बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान भी जल्द कराया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह दोपहर बाद नैनीताल रोड स्थित पटेरी फार्म पहुंचे। यहां ब्लॉक प्रमुख अमरिंदर सिंह गोल्डी, सरदार जुगेंद्र सिंह, निरंजन सिंह, निशान सिंह ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया। पटेरी फार्म से वह रैली के रूप में मेला श्रीराम लीला प्रांगण पहुंचे। यहां उन्होंने बंजरिया शक्ति केंद्र के बूथ 22, 23, 24 का सत्यापन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मजबूत बूथ समितियों की संरचना ही भारतीय जनता पार्टी की विजय का आधार है। पार्टी के जिम्मेदार लोग बूथ समितियों के सत्यापन कार्य में जुटकर 2022 में पार्टी की ऐतिहासिक विजय का आधार तैयार कर रहे हैं। मजबूत बूथ समितियों के निर्माण से बूथ विजय का संकल्प पूर्ण होगा।
उन्होंने कहा कि सपा और बसपा ने अपने शासनकाल में प्रदेश को अपराध और अपराधियों के हवाले कर दिया था। सपा, बसपा ने भय, आतंक, भ्रष्टाचार, जातिवाद, तुष्टीकरण और राजनीति का अपराधीकरण करके उत्तर प्रदेश को बदहाल करने का महापाप किया है। समाजवादी पार्टी बिना अपराधियों के चार कदम भी नहीं चल सकती है। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा और कांग्रेस के गठजोड़ से बनी प्रदेश की भय, भूख, भ्रष्टाचार की छवि को बदलने का काम मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने किया है। भाजपा सरकार की आधारशिला पार्टी के परिश्रमी कार्यकर्ताओं के परिश्रम से रखी गई है। सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पहले कुछ चुनिंदा शहरों में ही 24 घंटे बिजली आती थी, लेकिन भाजपा सरकार ने सबके साथ समानता का व्यवहार किया है। सबका साथ-सबका विकास का नारा देकर जातिवाद से ऊपर उठकर राष्ट्रवाद के लिए कार्य किया है। मुफ्त राशन वितरण पर कहा कि कोरोना संक्रमण से भले ही लोगों की जानें गईं हो,ं लेकिन भूख से किसी की मृत्यु नहीं हुई है।
बहेड़ी के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बरेली शहर में राजेंद्रनगर के शिव मंदिर पहुंचे। वहां उन्हाेंने बांके बिहारी मंडल के बूथ नबंर 114 का भौतिक सत्यापन किया। बूथ सत्यापन के कार्य में लगे पार्टी कार्यकर्ताओं से भेंट की और उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद वह लखनऊ के लिए रवाना हो गए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, महानगर अध्यक्ष केएम अरोड़ा, बहेड़ी विधायक छत्रपाल गंगवार, स्वाति सिंह, दुर्विजय सिंह शाक्य, अभय चौहान, अंकित महेश्वरी, अधीर सक्सेना, बंटी ठाकुर, मुकेश सक्सेना, शालिनी जौहरी, गुलशन आनंद, पूर्व ब्लॉक प्रमुख आराम सिंह, मोहन सिंह, सुनील रस्तोगी, सचिन अग्रवाल, गौरव मित्तल आदि मौजूद रहे।
भू माफियाओं को पनाह देने का मुददा भी गूंजा
प्रदेश अध्यक्ष को कुछ कार्यकर्ताओ ने बताया कि जनता के बीच बेहद नाराजगी है। सूबे में भाजपा की सरकार होने के बाबजूद भू माफियाओं को पनाह मिली हुई है। नगर के धोबी तालाब, राजा टाकिज, टीका तालाब, रोडवेज के पीछे के तालाब पर कब्जा होने के साथ साथ नाइन जेड ए की जमीनों में बेहद खामोशी से निर्माण चल रहे हैं। इसको लेकर जनता नाराज है।