सुरक्षा मांगने एसएसपी दफ्तर पहुंचे नवदंपती
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में दूसरे समुदाय के युवक से प्रेम विवाह करने वाली रिठौरा की युवती को अपने मायके वालों से खतरा महसूस हो रहा है। शनिवार को एसएसपी दफ्तर पहुंची युवती ने प्रार्थना पत्र देकर अंदेशा जताया कि उसके मायके वाले पति की हत्या करा सकते हैं।
रिठौरा में रहने वाली युवती ने कुछ दिनों पहले दूसरे समुदाय के युवक के साथ शादी कर ली थी। युवती के भाई ने इस मामले में पहले बहन के पति समेत सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज करा दी थी लेकिन बाद में पुलिस को लिखकर दे दिया कि वह इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहता है।
बहन ने उसकी बदनामी करा दी है लिहाजा यह जरूर चाहता है कि वह दोबारा कस्बे में आकर न रहे। शनिवार को युवती अपने पति और उसके धर्मपिता के साथ एसएसपी दफ्तर सुरक्षा मांगने पहुंची।
उसने बताया कि उसके पिता, भाई और एक सभासद बेहद संकुचित विचारों के हैं और कट्टरपंथी विचारधारा में यकीन रखते हैं। उसे, पति और पति के धर्मपिता के लिए जान का खतरा बना हुआ है। उन लोगों को सुरक्षा की जरूरत है।