पुवायां (शाहजहांपुर)। कांशीराम कॉलोनी में मंगलवार की रात एक शादी समारोह में कहासुनी के बाद कुरगंजा मोहल्ला के ओम (18) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी हिस्ट्रीशीटर राहुल अग्निहोत्री लोगों को धमकाते हुआ भाग गया। पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है।
ओम के पिता दिनेश कुमार ने पुलिस को बताया कि तीन मई की रात कांशीराम कॉलोनी निवासी गीता देवी के पुत्र अरबाज की शादी थी। इसमें उनका पुत्र ओम भी गया था। द्वाराचार के दौरान पुवायां के ही मोहल्ला गढ़ी निवासी हिस्ट्रीशीटर राहुल अग्निहोत्री की उनके पुत्र से कहासुनी हो गई। इस पर राहुल ने रात करीब साढ़े दस बजे तमंचे से उनके पुत्र के सिर में गोली मार दी। ओम की मौके पर ही मौत हो गई। समारोह में मौजूद तमाम लोग घटना के प्रत्यक्षदर्शी हैं।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। ओम के पिता दिनेश कुमार दिव्यांग हैं। ओम फलों का ठेला लगाता था। ओम की मौत से मां रीता देवी, दादी रजनी देवी, बहन धानी, आनंदी, चार वर्षीय भाई आर्यन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुवायां के कांशीराम कॉलोनी में शादी समारोह में कहासुनी पर हुई युवक की हत्या के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गईं हैं। -संजीव कुमार वाजपेयी, एसपी ग्रामीण शाहजहांपुर
एडीजी-आईजी के स्वागत में लगा रहा महकमा...कुछ दूरी पर वारदात
पुवायां। जिस समय हत्या की वारदात हुई, तब बरेली के एडीजी, आईजी, पीलीभीत और शाहजहांपुर के एसपी यहां एक अन्य शादी समारोह में आए हुए थे। इस वह से स्थानीय पुलिस अधिकारी उनकी आवभगत में लगे हुए थे। यहां से करीब एक किमी की दूरी पर ही यह वारदात हो गई है।
पुवायां के एक मैरिज लॉन में पूरनपुर क्षेत्र से बरात आई थी। इसमें एडीजी, आईजी वर पक्ष की ओर से बरात में शामिल हुए थे। बड़े अधिकारियों के कारण पीलीभीत और शाहजहांपुर के एसपी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस शादी समारोह से करीब एक किलोमीटर दूर रात साढ़े दस बजे दूसरे शादी कार्यक्रम में युवक की हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश में कई जगह दबिश दी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सका।
एसपी एस. आनंद और सीओ बीएस वीरकुमार ने भी मौका मुआयना कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। सीओ बीएस वीर कुमार ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन और क्राइम ब्रांच की एक टीम लगाई गई है। कई स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपी के पिता और कुछ दोस्तों को हिरासत में ले लिया है।
युवाओं के दो गुट आए दिन दिखाते हैं रंगबाजी
पुवायां में कई सालों से युवाओं के दो गुट आए दिन रंगबाजी दिखाते हैं। दोनों गुट कई बार आमने-सामने आ चुके हैं और फायरिंग भी हो चुकी है। पुलिस कई मुकदमे भी दर्ज कर चुकी है। हत्यारोपी राहुल अग्निहोत्री भी एक गुट का सक्रिय सदस्य है। राहुल पर पुवायां थाने में आर्म्स एक्ट, हत्या का प्रयास, तोड़फोड़, मारपीट, बलवा, जुआ, लूट, गैंगस्टर एक्ट सहित नौ मुकदमे दर्ज हैं। फरवरी 2022 में राहुल की हिस्ट्रीशीट भी खोली गई है।
कुछ सिपाहियों से है राहुल की दोस्ती
वारदात को अंजाम देने वाले राहुल अग्निहोत्री की पुलिस में अच्छी पैठ बताई जाती है। कई पुलिसकर्मियों से उसके अच्छे संबंध हैं। इसी कारण पुलिस के हर कदम की जानकारी उसे रहती है।
हर्ष फायरिंग या रंजिशन हत्या, कारण अस्पष्ट
पुलिस ने नामजद रिपोर्ट तो दर्ज कर ली है, लेकिन दूसरे दिन तक पुलिस युवक की हत्या का कारण नहीं जान सकी है। कुछ लोग हर्ष फायरिंग में मौत की बात भी कह रहे हैं तो कुछ लोग विवाद में हत्या की बात कह रहे हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों बिंदुओं पर जांच चल रही है। आरोपी के पकड़ने के बाद ही हत्या का कारण सामने आ सकेगा।
हत्यारोपी के घर देर रात पहुंचीं दो जेसीबी
पुवायां। शादी में युवक की हत्या के आरोपी राहुल के गढ़ी मोल्ला स्थित घर पर बुधवार रात दो जेसीबी मशीन पहुंचने से तमाम चर्चा शुरू हो गईं। कुछ लोगों का कहना था कि जेसीबी पुलिस ने भिजवाई हैं, ताकि आरोपी जहां कहीं भी हो पुलिस के पास समर्पण कर दे। रात नौ बजे तक जेसीबी आरोपी के घर के बाहर खड़ीं थीं। उधर, सीओ बीएस वीर कुमार ने बताया है कि पुलिस ने कहीं कोई जेसीबी नहीं भेजी है। आरोपी की तलाश में कई टीमें लगी हुईं हैं। संवाद
पुवायां में शादी समारोह में हत्या के बाद नाराजगी जताते एसपी- फोटो : POWAYAN
पुवायां के ओम का फाइल फोटो- फोटो : POWAYAN
पुवायां की कांशीराम कालोनी में इसी जगह पर शादी समारोह में हुई ओम की हत्या- फोटो : POWAYAN