बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र में जंगली सूअर का शिकार करने के लिए खेत में लगाया गया देसी बम फटने से एक महिला झुलस गई। वह घास काट रही थी। इसी दौरान उसका हंसिया देसी बम पर लग गया, जिससे वह फट गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास खेतों पर काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे। घायल महिला को उठाकर घर ले गए। परिजनों ने उसका उपचार कराया।
थाना हाफिजगंज के गांव साबरखेड़ा निवासी झाझन लाल की पत्नी मीरा ने बताया कि वह शनिवार सुबह करीब 10 बजे खेत की तरफ घास लेने गई थी। वह पूर्व प्रधान अशफाक के खेत में घास काट रही थी। इसी दौरान हंसिया लग जाने के कारण वहां रखा देसी बम फट गया। बहुत तेज धमाका हुआ। इससे वह घायल होकर वहीं गिर गई।