लोगों के पैरों में फंसता चाइनीज मांझा।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
किला पुल पर एक दिन बाद ही पतंग उड़ाते दिखे लोग, ऐसे में कैसे रुकेंगे हादसे
बरेली। चीनी मांझे से हो रहे हादसों की रोकथाम के लिए पुलिस ने अभियान शुरू किया है। बृहस्पतिवार को किला पुल पर पुलिस ने ड्रोन उड़ाकर पतंगबाजों की निगरानी की। इसके अगले दिन ही यानी शुक्रवार को किला पुल पर ही कुछ लोग पतंग उड़ाते नजर आए। ऐसे में सवाल ये है कि अगर पतंगबाज इसी तरह अभियान का मखौल उड़ाते रहे तो फिर हादसे कैसे रुकेंगे।
चीनी मांझे से तमाम लोग जख्मी हो चुके हैं। लगातार हादसे हो रहे हैं। अमर उजाला की पहल पर एडीजी अविनाश चंद्र ने पूरे जोन में चीनी मांझे के निर्माण और खरीद फरोख्त के साथ ही इससे पतंग उड़ाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और कार्रवाई शुरू हो गई। अब तक कई मांझा विक्रेता जेल जा चुके हैं और दर्जन भर पतंगबाजों पर कार्रवाई हो चुकी है। मगर शुक्रवार को यह अभियान कुछ शिथिल नजर आया और किला पुल पर कुछ लोग पतंग उड़ाते नजर आए। जब इनका फोटो खींचा गया तो ये भागने लगे। इस दौरान मांझा एक स्कूटी सवार के पैर में फंस गया। गनीमत रही कि वह घायल नहीं हुआ, जबकि एक दिन पहले बृहस्पतिवार को ही पुलिस ने पुल पर ड्रोन उड़ाकर पतंगबाजों की तलाश कर उन्हें चेतावनी दी थी।
बाकरगंज में किया जागरूक
किला पुलिस ने सीओ आशीष प्रताप सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को बाकरगंज, जसौली आदि इलाकों में लोगों को चीनी मांझा से पतंग न उड़ाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उद्घोषणा करके लोगों को चेतावनी दी गई कि चीनी मांझा का इस्तेमाल करते हुए पकड़े जाने पर रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के तहत आपबीती बताएंगे मांझे के शिकार लोग
शुक्रवार को यूथ इन एक्शन की मीटिंग में निर्णय लिया गया कि संगठन के पदाधिकारी मांझा से घायल लोगों के साथ जनता के बीच जाएंगे और अपनी आपबीती बताएंगे। यूथ इलेक्शन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी ने कहा कि लोगों को जागरूक करने का अभियान लगातार जारी रहेगा। संगठन के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. शैलेश सिंह ने इस अभियान को पूरे प्रदेश में पहुंचाने का आह्वान किया। इस दौरान पुलिस से भी इस पर लगातार नजर रखने और कार्रवाई की अपील की गई। बैठक में विवेक पटेल, अमित शर्मा, आशु अग्रवाल, अमित कंचन, राम जी राजावत आदि उपस्थित रहे।