धूप से बचने के लिए गमछा से सिर ढककर स्कूटी चलाता युवक
- फोटो : अमर उजाला
बरेली में मई के तीसरे सप्ताह में मौसम ने रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। चार साल बाद इस बार मई सबसे गर्म साबित हो रहा है। शनिवार को अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दिनभर चिलचिलाती धूप से लोग बेहाल रहे। रविवार को भी सुबह सात बजे से ही गर्मी सताने लगी। आने वाले दिनों में पारा स्थिर रहने का अनुमान है। शाहजहांपुर, बदायूं, लखीमपुर खीरी में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सात मई 2020 को अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। अब इस साल पारा 42.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। सप्ताहभर तक राहत की कोई उम्मीद नहीं है।
ऐसे में विशेषज्ञ इस साल गर्मी का नया रिकॉर्ड बनने के आसार जता रहे हैं।आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल के मुताबिक रेगिस्तानी इलाकों की शुष्क और गर्म पछुआ हवा प्रवेश कर रही है। लिहाजा, नमी का स्तर गिरता जा रहा है और तपिश बढ़ रही है।