चारों ओर से घिरा नवादा बदन और अकट गांव
सोमवार को रामगंगा का जलस्तर 161.140 मीटर दर्ज किया गया, जो आने वाले 24 घंटों में और बढ़ने की आशंका है। क्षेत्र के नवादा बदन और अकट गांव को पानी ने चारों तरफ से घेर लिया। दातागंज तहसील तक जाने वाली सड़क पर पानी आ गया। इस सड़क से एक दर्जन से ज्यादा गांव के लोग तहसील जाते हैं। प्रशासन ने हर्रामपुर गांव के पास दो नाव लगाकर लोगों को घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की।
इन गांवों में भरा पानी
नवादा बदन, गढि़या पैगंबरपुर, हर्रामपुर, शेरपुर, मौजमपुर, लालपुर खादर, पट्टी बिजा, पूरन भेंडा, अकट, ऊघौनगला, कुंडरा मझरा, देवेंद्र सिंह नगला आदि गांव में पानी भर गया है। गांव में आने-जाने के सभी रास्ते बंद हैं। गांव से काफी लोग सुरक्षित स्थानों पर जा चुके हैं, जो लोग फंसे हुए हैं उन्होंने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
एसडीएम दातागंज धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि रामगंगा में लगातार पानी बढ़ रहा है। प्रशासन पूरी तरह से यहां नजर बनाए हुए है। फिलहाल नाव की व्यवस्था की गई है, जिससे ग्रामीणों को कोई परेशानी न हो। साथ ही बाढ़ खंड की टीमों को लगाया गया है।