शीशगढ़। गांव बंजरिया और नरसुआ के बीच बहगुल नदी में डूबे ग्रामीण अनिल कुमार (25) का शव बुधवार शाम एसडीआरएफ ने खोज निकाला। तीन दिन बाद शव मिलने से परिवार में मातम पसर गया।
बंजरिया निवासी संतराम ने बताया कि अनिल सोमवार को मजदूरी कर घर लौट रहा था। नदी पार करते समय संतुलन बिगड़ने से वह तेज बहाव में बहकर डूब गया था। नदी में अधिक जलस्तर और तेज बहाव के कारण उसकी तलाश मुश्किल थी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को जानकारी दी। बुधवार को आठ बटालियन पीएसी और एसडीआरएफ ने सुबह से तलाश अभियान चलाया। शाम करीब पांच बजे अनिल का शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर नदी किनारे मिला। अनिल के परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। अनिल दो भाइयों में सबसे बड़ा था। सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। संवाद