शाहजहांपुर। फरवरी माह में प्री-बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं। परीक्षा में बैठने के लिए पहले छात्र-छात्राओं को कोविड वैक्सीन की डोज लेनी होगी। इससे कोरोना संक्रमण के खतरे से बचा जा सके। स्कूलों ने प्री-परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी है।
वर्तमान समय में 15 से 18 साल के किशोर-किशोरियों का टीकाकरण किया जा रहा है। इससे उनको कोरोना से संक्रमित होने से बचाया जा सके। शत-प्रतिशत टीकाकरण के निर्देश स्कूलों के प्रबंधक और प्रधानाचार्यों को दिए हैं। जोकि टीकाकरण के लक्ष्य को पूरा कराने में जुटे हैं। टीकाकरण के लिए बच्चों के माता-पिता की अनुमति भी ली जा रही है। इसके बावजूद तमाम किशोर टीकाकरण से वंचित हैं।
ऐसे में अब फरवरी माह में होने वाली प्री-बोर्ड परीक्षाएं में उसी छात्र-छात्रा को बैठने की अनुमति दी जाएगी, जोकि पहले कोविड वैक्सीन की डोज लगवाया हुआ होगा। डीआईओएस शौकीन सिंह यादव ने बताया कि टीकाकरण न कराने से कोरोना संक्रमण फैलने की आशंका रहती है। कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण ही एक मात्र विकल्प है। प्री-बोर्ड परीक्षाएं अगले माह फरवरी में होनी हैं। उनमें बैठने वाले छात्र-छात्राएं पहले टीकाकरण जरूर करवा लें।