शाहजहांपुर। एक तरफ लोगों से कोरोना संक्रमण के बचाव के लिए टीकाकरण कराने की अपील की जा रही है। वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग के पास वैक्सीन सीमित मात्रा में ही बची है। ऐसे में लोग टीकाकरण कराने के लिए भटक रहे हैं।
जिले में 17 लाख लोगों के टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें से अब तक सिर्फ चार लाख 10 हजार 189 लोगों को ही कोरोना वैक्सीन लगाई जा सकी है। इसमें तीन लाख 54 हजार 339 को फर्स्ट डोज और 55 हजार 850 को सेकेंड डोज लगी है। इनमें 18 साल की उम्र पूरी कर चुके पुरुष व महिलाएं दोनों ही शामिल हैं। इस तरह से लक्ष्य के सापेक्ष अभी 13 लाख लोग टीकाकरण से वंचित हैं। लेकिन अब स्वास्थ्य विभाग के पास इनको टीका लगाने के लिए वैक्सीन ही नहीं बची है। ऐसे में लोगों को टीकाकरण कराने के लिए भटकना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि इस तरह से सरकार सभी को प्रतिरक्षित कैसे करेगी, जब लगाने को वैक्सीन ही उपलब्ध नहीं हैं।
वहीं, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. लक्ष्मण सिंह का कहना है कि वैक्सीन की कमी पूरे प्रदेश में आ रही है। लेकिन एक जुलाई तक स्थिति फिर से सामान्य हो जाएगी। वैक्सीन की डिमांड की गई है। वर्तमान में सीमित संख्या में वैक्सीन उपलब्ध है, जिसको वहां उपलब्ध कराया जा रहा है जहां अधिक लोग टीकाकरण कराने के लिए पहुंचते हैं। बताया कि जिले में 39 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें टीकाकरण सत्र का आयोजन किया जाता है। जिला अस्पताल व पुराना जिला अस्पताल में प्रतिदिन टीकाकरण सत्र का आयोजित कर लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है।
1678 लोगों को लगाया गया टीका
स्वास्थ्य विभाग की ओर से 18 से 44 व उससे ऊपर के सभी लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा रहा है। मंगलवार को भी स्वास्थ्य केंद्रों पर सत्रों का आयोजन किया गया। इसमें पहुंचने वाले लोगों को कोरोना का टीका लगाकर प्रतिरक्षित कर लिया गया। मंगलवार को 1678 लोगों को टीका लगाया गया। इस बीच कुछ केंद्रों से लोगों को बगैर वैक्सीन लगवाए ही वापस जाना पड़ा।