बरेली के नारी निकेतन होस्टल में लॉकडाउन के कारण परेशान एक महिला ने मंगलवार सुबह एक अजीबोगरीब कदम उठा लिया। सुबह नाश्ते के लिए लाइन में लगते वक्त वह होस्टल परिसर से सटे सीआई पार्क की ओर झुके पेड़ पर चढ़कर बैठ गई।
उसे ऐसा करते देख वहां भीड़ इकट्ठा होने लगी। सूचना मिलते ही बारादरी व प्रेमनगर थानों की पुलिस और दमकल की टीम मौके पर आ गई। बड़ी मुश्किल से दो घंटे बाद करीब साढ़े दस बजे फायर ब्रिगेड के एक सिपाही ने पेड़ पर चढ़कर उसे समझाकर उतारा।
महिला का आरोप था कि वह काफी परेशान है, उसे यहां नाश्ता-खाना भी ढंग से नहीं मिलता है। वहीं नारी निकेतन की अधीक्षिका छाया ने उसके आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि महिला अपने घर जाना चाहती है, इसलिए ऐसा कर रही है। वह लोग उसे घर भेजने के लिए प्रयास भी कर रहे हैं।