बरेली। नगर निगम की लगभग एक हेक्टेयर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे और प्लॉटिंग के प्रयास को लेकर बुधवार को हंगामा हो गया। वार्ड 56 के कटघर में किला नदी के पास निगम टीम को स्थानीय विरोध के कारण बिना कार्रवाई के लौटना पड़ा।
यह मामला वार्ड 56 के पार्षद सागर मौर्य की शिकायत पर सामने आया था। पार्षद ने नगर आयुक्त को बताया था कि कुछ लोग सरकारी जमीन पर अवैध कॉलोनी विकसित कर रहे हैं। जमीन पर बाउंड्रीवॉल, टीनशेड और नींव खोदकर प्लॉटिंग की तैयारी थी, साथ ही रास्ता भी बना लिया गया था। बुधवार को सहायक अभियंता मुकेश शाक्य के नेतृत्व में निगम की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। टीम में जेई विकास साहू और मानचित्रकार रविंद्र कुमार भी शामिल थे। जैसे ही टीम ने पैमाइश और तारबंदी शुरू की, स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कार्रवाई को तहसील टीम के समन्वय के बिना बताया। बढ़ते तनाव के कारण टीम को कार्रवाई रोककर वापस लौटना पड़ा।
सहायक अभियंता मुकेश शाक्य ने बताया कि विरोध के कारण बुधवार को कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी। अब बृहस्पतिवार को राजस्व और तहसील टीम को साथ लेकर संयुक्त रूप से दोबारा जमीन की पैमाइश कराई जाएगी। पैमाइश से स्थिति स्पष्ट होने के बाद नगर निगम अवैध कब्जे हटाएगा। इसके बाद जमीन की घेराबंदी की सख्त कार्रवाई की जाएगी।