वोटों का गणित
नगर निगम क्षेत्र में 8.32 लाख मतदाता हैं। इसमें करीब एक लाख मतदाता नए हैं। युवाओं की संख्या करीब दो लाख है और सामान्य वर्ग के मतदाता लगभग तीन लाख के आसपास हैं। ओबीसी और एससी वर्ग के मतदाता भी करीब तीन लाख हैं। मुस्लिम मतदाताओं की संख्या भी दो लाख के आसपास है।
भाजपा जिलाध्यक्ष पवन शर्मा ने कहा कि चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी हैं। प्रत्येक बूथ और पन्ना प्रमुख तक संगठन मजबूत है। इस बार भाजपा नगर निगम, सभी पालिका और नगर पंचायत की सीटों पर परचम लहराएगी। हम इतिहास रचने का काम करेंगे।
'मुकाबला दिलचस्प होगा'
सपा के निवर्तमान महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि मुकाबला दिलचस्प होगा, हमारी पार्टी चौंकाने वाला जिताऊ और टिकाऊ प्रत्याशी लाएगी। हमारा नारा है, अबकी बार 60 के पार और कार्यकर्ता इसमें पूरी तरह लगे हैं। जनता के मुद्दों को लेकर हम जनता के बीच जाएंगे।
बसपा जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह ने कहा कि बसपा सभी सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी। प्रत्येक वार्ड और सेक्टर कमेटियां सर्व समाज को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं। अब तक 113 आवेदन मिल चुके हैं। इस चुनाव में बसपा सबसे अच्छा प्रदर्शन करेगी।
'आशाओं के अनुरूप आरक्षण'
कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष अजय शुक्ला ने कहा कि हमारी आशाओं के अनुरूप आरक्षण जारी हुआ है। जनता जान चुकी है कि भाजपा को सिर्फ कांग्रेस ही टक्कर दे सकती है। संगठन स्तर पर हमारे सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी मजबूती से काम कर रहे हैं।
सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने कहा कि आंकड़ों के अनुसार आरक्षण सही नहीं होगा तो आपत्ति करेंगे। सपा चुनाव के लिए तैयार है। इस बार मेयर भी हमारा होगा। शहर में बैकवर्ड की संख्या ज्यादा है। नगर पालिकाओं और पंचायतों में भी हमारी जीत होगी।