बैठकों-आंकड़ों में उलझा स्वास्थ्य विभाग
जिले में डेंगू बेकाबू हो रहा है, वहीं स्वास्थ्य विभाग बैठकों, आंकड़ों और चिट्ठियों के खेल में उलझा हुआ है। कई दिन पहले डीएम रविंद्र कुमार ने 300 बेड अस्पताल में डेंगू मरीजों के लिए वार्ड बनाने के निर्देश दिए थे। अब तक यहां डेंगू मरीजों के लिए वार्ड नहीं बन सका है।
जिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. अलका शर्मा ने बताया कि क्षमता से ज्यादा मरीज आने के कारण यहां व्यवस्थाओं पर असर पड़ रहा है। उन्होंने 300 बेड अस्पलाल में व्यवस्थाएं शुरू करने के लिए सीएमओ को पत्र लिखने के साथ कई बार रिमाइंडर भी भेजे हैं।
सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि 300 बेड अस्पताल में बेड आरक्षित करने और स्टाफ की व्यवस्था के लिए शनिवार को विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मच्छरजनित बीमारियों पर काबू के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बुखार से हुईं संदिग्ध मौतों का ऑडिट कराया जा रहा है। जिलेभर में टीमें लगी हुई हैं। लगातार मॉनिटरिंग भी कराई जा रही है।