दस लाख जमा करवाकर भेजी पांच किस्त, बाकी रकम हड़प ली
बदायूं सिविल लाइंस इलाके की आदर्श नगर कॉलोनी निवासी शिवकुमार गुप्ता ने डीआईजी अजय कुमार साहनी को बताया कि कैनविज कंपनी के एजेंट केसरपुर निवासी रियासत हुसैन ने अपने सीनियर जितेंद्र से उन्हें मिलवाया था। इन लोगों ने गुलाटी संग मिलकर कुशाग्र हैबिटेट डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड और कैनविज इंफ्रा कॉर्पोरेशन इंडिया लिमिटेड के प्लान समझाए।
दोनों कंपनी में पांच-पांच लाख रुपये निवेश करने पर 20 माह तक 23750-23750 रुपये मासिक किस्त लौटाने का वादा किया था। पूरा मूलधन 21 माह बाद लौटाने का झांसा दिया था। दस लाख रुपये लेने के बाद 23750 की पांच किस्त लौटा दीं। इसके बाद किस्त देना बंद कर दीं। रियासत ने जितेंद्र पर टाल दिया। जितेंद्र ने भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। डीआईजी के आदेश पर शिवकुमार की ओर से बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि कन्हैया गुलाटी और उसके साथियों के खिलाफ कई रिपोर्ट दर्ज हो चुकी हैं। लगातार नई शिकायतें आ रही हैं। मामले में प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।