फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: इस जिले में बुखार-डायरिया का प्रकोप, दो छात्राओं की मौत, मेडिकल कॉलेज के वार्ड मरीजों से फुल

Sat, 04 May 2024 11:34 AM IST
मुकेश कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर

सार

Shahjahanpur News Today : गर्मी के मौसम में बुखार और डायरिया का प्रकोप शुरू हो गया है। शाहजहांपुर जिले में बुखार से पीड़ित दो छात्राओं की मौत हो गई। वहीं, बीते कुछ दिनों से बुखार और डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। मरीज बढ़ने से राजकीय मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। 
विज्ञापन
छात्रा छवि का फाइल फोटो, अस्पताल में भर्ती मरीज - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शाहजहांपुर जिले में गर्मी बढ़ने के साथ डायरिया और वायरल बुखार ने अपने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। जिले में बुखार से पीड़ित 12वीं की दो छात्राओं की मौत हो गई। डायरिया का प्रकोप बढ़ने से राजकीय मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। वार्ड फुल होने से एक बेड पर दो से तीन मरीजों को लेटाकर उपचार किया जा रहा है।

विज्ञापन

 
शहर के मोहल्ला बाडूजई प्रथम निवासी बेकरी संचालक संजीव राठौर की 17 वर्षीय बेटी छवि राठौर आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज में 12वीं की छात्रा थीं। चार दिन पहले बुखार आने पर मोहल्ले के डॉक्टर से दवा ली। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर बुधवार को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई। पिता संजीव ने बताया कि छवि को टायफाइड होने के साथ दिमाग में सूजन आ गई थी। 

डॉ. सुदामा प्रसाद बाल विद्या मंदिर कन्या इंटर कॉलेज की 12वीं की छात्रा तान्या वर्मा ने बुखार के चलते दम तोड़ दिया। वह अनूप वर्मा की बेटी थीं। प्रधानाचार्य डॉ. राखी मिश्रा ने उनके परिजनों से जानकारी ली। राखी के अनुसार, आंतों में संक्रमण होने पर बरेली में तान्या का ऑपरेशन हुआ था। उसके बाद बुखार आने से  निधन हो गया। दोनों छात्राओं की मौत के बाद विद्यालयों में अवकाश कर दिया गया। 

विज्ञापन

मरीजों का ग्राफ बढ़ा 
जिले में डायरिया और बुखार के मरीजों का ग्राफ बढ़ा है। शुक्रवार को 1623 मरीजों में 30 से 40 प्रतिशत मरीज डायरिया से पीड़ित पहुंचे। रोजाना 15 से 20 डायरिया के मरीजों के भर्ती होने से अस्पताल के बेड फुल हो गए हैं। ट्रामा सेंटर में एक बेड पर दो से तीन मरीजों का उपचार किया जा रहा है। मरीजों की अधिक भीड़ होने के चलते बेड को लेकर मारा-मारी शुरू हो गई है। डॉक्टर भी सही से रोगियों का इलाज नहीं कर पा रहे हैं।

ये बरतें सावधानी
  • उल्टी-दस्त होने पर ओआरएस मिलाकर पानी में पीते रहें।
  • शुद्ध पानी पीएं।
  • आरओ नहीं होने पर पानी उबालने के बाद ठंडा कर पीयें।
  • बासी खाना खाने से बचें, खुले में रखे खाद्य पदार्थ नहीं खाएं।

यह है स्थिति
  • 330 बेड की व्यवस्था राजकीय मेडिकल कॉलेज में है।
  • 402 मरीज शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती थे।
  • 150 से अधिक मरीज ट्रामा सेंटर में 24 घंटे में भर्ती हुए।
  • 1623 मरीजों ने ओपीडी में नया पर्चा बनवाया।
राजकीय मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. नेपाल सिंह ने बताया कि डायरिया बढ़ने से बेड को लेकर दिक्कत आ रहीं है। कोशिश रहती है कि सभी को बेड उपलब्ध कराकर उपचार किया जा सके। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की जाएगी।
 
विज्ञापन

खून की जांच के लिए लग रही लाइन
राजकीय मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में मरीजों की भीड़ बढ़ गई है। डॉक्टरों के चैंबर के बाहर मरीजों की लाइन लग रही है। बुखार के मरीजों के खून की जांच डॉक्टर लिख रहे हैं। ऐसे में ओपीडी बंद होने के बाद भी नमूना संग्रह कक्ष के बाहर मरीजों की भीड़ लग रही है। कक्ष में स्टाफ भी कम है। इसके चलते दिक्कतें आ रहीं हैं। 

वरिष्ठ फिजिशियन डॉ.सलीम बताते हैं कि फिजिशियन वार्ड में रोजाना छह सौ से अधिक मरीज आ रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा डायरिया से पीड़ित हैं। इसके अतिरिक्त बुखार, गले में खराश, पेटदर्द की समस्या लेकर भी मरीज आ रहे हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें