आईजी ने किया मौका मुआयना, हत्या की रिपोर्ट दर्ज
बहेड़ी। ग्वारी गौटिया गांव में शनिवार रात दो दोस्तों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। एक का शव पड़ोस के गांव के मंदिर के पास और दूसरे का कुछ दूर धान के खेत में पड़ा मिला। दोनों की हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आईजी रमित शर्मा ने मौका मुआयना करके वारदात का जल्द खुलासा करने का निर्देश दिया है।
गांव ग्वारी गौटिया में रहने वाले राजेश कुमार और रोहताश दोस्त थे। शनिवार शाम करीब पांच बजे दोनों लकड़ी बेचने निकले थे। रोहिताश अपनी बाइक पर राजेश को ले गया था। शाम तक जब दोनों नहीं लौटे तो परिजन ने उन्हें ढूंढना शुरू किया। काफी देर तलाश के बाद पास के गांव खगाई नागर में एक मंदिर के पास सड़क किनारे राजेश का शव पड़ा होने की सूचना मिली। उसकी पीठ और गर्दन में गोली लगी थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद रोहिताश की तलाश शुरू की गई। रविवार तड़के चार बजे मंदिर के पीछे कुछ दूर पर धान के खेत में रोहताश का शव भी पड़ा मिल गया। उसकी कनपटी पर गोली लगी थी और कनपटी चीरते हुए पार निकल गई थी।
रोहिताश के शव के पास भरा हुआ तमंचा पड़ा मिला, दो खोखे भी बरामद हुए। फील्ड यूनिट ने छानबीन की लेकिन कोई खास सुराग नहीं जुटा पाई। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। राजेश के रिश्तेदार धनंजय सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। दोहरे हत्याकांड की सूचना पर आईजी रमित शर्मा भी मौके पर पहुंचे और जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए।
पहले हत्या और आत्महत्या का केस माना पर हाथ में फंसे लोड तमंचे ने खोला राज
बरेली। खगाई नागर गांव में राजेश और रोहिताश की लाश मिलने के बाद पुलिस ने पहले तो दावा किया कि रोहिताश ने राजेश की हत्या कर खुद कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली लेकिन कुछ ही देर में साफ हो गया कि दोनों की ही हत्या की गई है। दरअसल रोहिताश के हाथ में फंसा तमंचा लोड निकला। इसके बाद सवाल उठा कि खुद को गोली मारने के बाद रोहिताश अपनी कनपटी पर गोली चलाने के बाद दोबारा कैसे उसे लोड कर सकता था। अब पुलिस हत्या के मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
पुलिस ने फोरेंसिंक टीम से तमंचे की जांच कराई तो और भी चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। पता चला कि मौके से बरामद तमंचे से कोई गोली ही नहीं चली थी। इससे साफ हो गया कि रोहिताश और राजेश की हत्या करने वालों ने ही रोहिताश के हाथ में तमंचा फंसाया ताकि पुलिस को भ्रमित किया जा सके और पुलिस को लगे कि रोहिताश ने राजेश को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली।
छानबीन में पुलिस को पता चला कि राजेश की 30 बीघा जमीन है। राजेश ने इस जमीन को अपनी पत्नी के नाम कर दिया था। राजेश इस जमीन को अपने बेटे के नाम करने वाला था। पुलिस को शक है कि जमीन राजेश की हत्या की वजह हो सकती है। रोहिताश को इसलिए मार दिया गया क्योंकि वह उसके साथ था।
राजेश और रोहिताश की हत्या की गई है। हत्या करने वाले ने ही रोहिताश के शव के पास लोड तमंचा डाला है। राजेश के पास 30 बीघा जमीन है। इसको लेकर जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। - राजकुमार अग्रवाल, एसपी देहात