गेहूं निकासी के दौरान थ्रेसर फटा, दो सगे भाइयों की मौत
शुक्रवार आधी रात में हुआ हादसा, परिवारवालों ने नहीं कराया पोस्टमार्टम
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव अहमदनगर असौली में शुक्रवार रात गेहूं निकासी के दौरान अचानक थ्रेसर फट गया। इसकी चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि कुछ लोग बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद उनके परिवार में कोहराम मच गया। उन्होंने दोनों भाइयों के शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
हादसा शुक्रवार रात करीब 12 बजे हुआ। उस वक्त गांव अहमद नगर असौली निवासी रामऔतार (60) और उनके भाई रामचंद्र (55) गांव के महावीर के ट्रैक्टर थ्रेसर से अपने गेहूं निकलवा रहे थे। रामऔतार का बेटा बंटी और रामचंद्र का बेटा भूरे थ्रेसर में पूली लगाने का काम कर रहे थे, जबकि दोनों भाई थ्रेसर के नीचे से गेहूं हटाकर ट्राली में भरते जा रहे थे। तभी अचानक थ्रेसर से तेज आवाज हुई। उसे सुनकर सभी लोग चौंक गए। वह संभल पाते, उससे पहले थ्रेसर का ऊपरी हिस्सा फटकर दोनों भाइयों के ऊपर आ गिरा, इससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य लोग बाल-बाल बच गए। इससे मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना पर उनके परिवारवाले खेत पर पहुंच गए। वे दोनों भाइयों को अस्पताल ले जाने की तैयारी में थे कि उनकी एक-एक करके दोनों की वहीं मौत हो गई। शनिवार सुबह पुलिस भी मौके पर पहुंची लेकिन परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इंस्पेक्टर धीरज सिंह सोलंकी ने बताया कि दो लोगों की मौत की सूचना मिली थी लेकिन परिवार ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।