ऑटो से गया था लेकिन स्कूल के अंदर नहीं पहुंचा
बरेली। घर से स्कूल गया छात्र नमन कुमार न स्कूल पहुंचा और न घर लौटा। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए थाना इज्जतनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विनोद शर्मा इज्जतनगर रेल मंडल के मथुरा स्टेशन पर टीटीई हैं। उनका मई में ट्रांसफर बरेली हो गया। इस महीने उनका परिवार भी आ गया। उन्होंने अपने पुत्र नमन का एडमिशन रोड नंबर सात पर केंद्रीय विद्यालय में कक्षा आठ में कराया था। नमन दूसरी शिफ्ट में स्कूल जाने लगा। बुधवार सुबह नमन ऑटो से स्कूल गया था लेकिन वापस नहीं लौटा। विनोद कुमार ने स्कूल जाकर सीसीटीवी कैमरे चेक कराए तो उसके स्कूल आने की पुष्टि नहीं हुई। नमन के दोस्तों ने भी बताया कि वह स्कूल नहीं आया। उनकी सूचना पर इंस्पेक्टर इज्जतनगर सतीश कुमार ने आटो चालक को बुलाकर पूछताछ की। उसने बताया कि उसने नमन को स्कूल गेट पर छोड़ दिया। विनोद शर्मा की तहरीर पर इज्जतनगर पुलिस ने नमन के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।