शनिवार सुबह करीब नौ बजे बरेली की ओर आ रही राजधानी एक्सप्रेस बिलपुर रेलवे स्टेशन से गुजरी। उसी समय एसएस विजपुर मो. हनीफ खान ने ट्रेन के पहियों से धुआं निकलता देखा। उन्होंने तुरंत वॉकी-टॉकी से ट्रेन के लोको पायलट और गार्ड को सूचना दी। जब तक ड्राइवर ने ट्रेन को रोका तब तक वह दो किमी दूर निवड़िया गांव की रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंच गई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ब्रेक शू जाम होने से पहिये पटरी पर रगड़ रहे थे जिससे ट्रेन के आठ डिब्बों में धुआं भर गया था और आग की लपटें भी उठने लगी थीं। थोड़ी देर में ही ट्रेन रुकने से यात्रियों में खलबली मच गई। तमाम यात्री ट्रेन से उतर गए। बाद में ट्रेन में चल रहे तकनीकी स्टाफ ने किसी तरह पहियों में लगी आग पर काबू पाया।
ट्रेन के रुकते ही गांव के कई लोग मौके पर पहुंच गए। पास के स्टेशनों से भी स्टाफ को मौके पर बुला लिया गया और ट्रेन को चालू करने की कवायद की गई। ट्रेन के जाम ब्रेक शू जब नहीं खुल पाए तो मेंटिनेंस स्टाफ बुलवाया गया। करीब 11 बजे ट्रेन को 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बरेली की ओर रवाना किया।
ये ट्रेनें हुईं प्रभावित
अप लाइन पर अचानक राजधानी के रुकने के कारण उसके पीछे आने वाली अवध-असम, कुंभ नगरी, प्रयागराज एक्सप्रेस सहित कई मालगाड़ी ट्रेनों को बिलपुर, मीरानपुर कटरा, तिलहर, बंथरा आदि स्टेशनों पर रोक दिया गया।