मानव रहित क्रॉसिंग पर शुक्रवार रात करीब नौ बजे बड़ा हादसा हो गया। बारातियों की कार काशीपुर से बरेली जा रही ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों को भोजीपुरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा बसुधरन गांव के सामने गेट नंबर 11 सी पर हुआ। नवाबगंज के इंदिरा नगर वाल्मीकि बस्ती के 45 साल के रघुवीर, उनका 22 साल का बेटा जसवीर, भतीजा 25 वर्षीय मुकेश और क्योलड़िया के मधुनगला के 30 साल का सुनील कुमार और 30 वर्षीय अशोक रिश्तेदारी में मैवोर गांव आए थे। यहां से नरेश के बेटे संजय की बारात शेरगढ़ कस्बे के आकलाबाद गांव में जा रही थी। पांचों बैगनार कार यूपी 14 एच 2962 से जा रहे थे। बसुधरन गांव के सामने मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर कार सवार काशीपुर से बरेली जा रही ट्रेन 55336 को नहीं देख पाए और क्रॉसिंग पार करने लगे। उनकी कार ट्रेन से टकरा गई। हादसे में पांचों घायल हो गए। आसपास के लोगों ने देवरनिया पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एसओ देवरनियां सतीश कुमार यादव ने घायलों को प्राइवेट गाड़ी से भोजीपुरा के अस्पताल में भेजा। वहां रघुवीर ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रेन दस मिनट तक रुकी रही। बाद में कार को आरपीएफ ने अपने कब्जे में ले लिया। घायलों में सिर्फ सुनील ही बोल पा रहा है। उसे घटना की सूचना फोन पर घर वालों की दी।