चोरी की घटना के बाद स्कूल में जांच करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
बरेली के हाफिजगंज क्षेत्र में चोरी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चोरों ने इलाके के एक सरकारी स्कूल को निशाना बनाया है। खिड़की तोड़कर स्कूल के कमरे में घुसे चोरों ने हजारों का सामान पार दिया। चोरी के बाद स्कूल की दीवार पर लिख दिया कि दो दो ताले और लगा लेना। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। स्कूल की प्रधानाध्यापक ने थाने में तहरीर दी है।
शिक्षक और बच्चे पहुंचे तब हुई जानकारी
थाना हाफिजगंज क्षेत्र के गांव उधरनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में बुधवार रात चोरों ने सेंध लगा दी। चोर स्कूल की खिड़की तोड़कर हजारों रुपये का सामान चुरा ले गए। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह तब हुई, जब शिक्षक और बच्चे स्कूल पहुंचे। स्कूल की खिड़की टूटी देखी तो उनके होश उड़ गए। कमरे के अंदर जाकर देखा तो काफी सामान गायब था। जानकारी होते ही स्कूल में ग्रामीण एकत्र हो गए।