फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लखनऊ हाईवे तीसरे दिन भी जाम पर अफसरशाही पर कोई फर्क नहीं

सार

हुलासनगरा क्रॉसिंग के पास बुधवार शाम को लगा था जाम, शुक्रवार को भी नहीं खुल सका, दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार
 
विज्ञापन
बरेल-लखनऊ हाईवे पर लगा जाम।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गड्ढों में भारी वाहनों के खराब होने और पलटने का क्रम जारी, ऊपर से क्रॉसिंग की मार

फतेहगंज पूर्वी। लखनऊ हाईवे पर हुलासनगरा क्रॉसिंग के पास बुधवार शाम को लगा जाम शुक्रवार को तीसरे दिन भी नहीं खुल पाया। देर रात तक क्रॉसिंग के दोनों तरफ कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी हुई थी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को ही हाथ झाड़ लिए थे। जिला मुख्यालय पर अफसरों ने दिल्ली को लखनऊ से जोड़ने वाले इस हाईवे पर लगे इतने लंबे जाम की कोई सुध ही नहीं ली।
विज्ञापन

बुधवार शाम चार बजे कई ट्रेनों को गुजारने के लिए हुलासनगरा क्रॉसिंग के देर तक बंद रहने से लखनऊ हाईवे पर जाम लगने की शुरुआत हुई थी। तीन घंटे बाद करीब सात बजे जब जाम से कुछ राहत मिलनी शुरू हुई, तभी करीब नौ बजे फतेहगंज पूर्वी में हनुमान मूर्ति के सामने कानपुर से बहेड़ी जा रहा एक ट्रक पलट गया जिसमें भरे पशु आहार के कट्टे सड़क पर बिखर गए। इस वजह से फिर जाम लगना शुरू हो गया और रात दस बजे तक हालात भीषण हो गए और पूरी रात हाईवे पर वाहन रेंगते रहे।
इसके बाद बृहस्पतिवार सुबह एक बार फिर जाम से कुछ राहत मिली तो एक रोडवेज बस और ट्रक खराब होकर हाईवे पर खड़े हो गए। इसके बाद जाम इतना ज्यादा भीषण हो गया कि पूरे दिन और रात भर हजारों वाहन हाईवे पर फंसे रहे। इसके बाद शुक्रवार सुबह छह बजे लालकुआं से बजरी लेकर शाहजहांपुर जा रहा ट्रक फतेहगंज पूर्वी फ्लाईओवर से उतरने के बाद बहगुल नदी के पुल से पहले गड्ढों में पलट गया। इससे जाम और बेकाबू हो गया।
विज्ञापन

शुक्रवार रात तक हुलासनगरा क्रॉसिंग से फतेहगंज पूर्वी और मीरानपुर कटरा की तरफ कई-कई किलोमीटर तक वाहन जाम में फंसे रहे। मीरानपुर कटरा और फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने छोटे वाहनों को कसरक और जैतीपुर संपर्क मार्ग पर डायवर्ट किया लेकिन जाम से फिर भी राहत नहीं मिली। शनिवार सुबह तक जाम से निजात मिलने की भी संभावना कम ही जताई जा रही है।

आईजी के आदेश के बाद भी नहीं हुआ वैकल्पिक इंतजाम

आईजी जोन रमित शर्मा ने लखनऊ हाईवे पर जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए बरेली और शाहजहांपुर के एसएसपी को पत्र लिखकर वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे लेकिन इसके बाद भी कोई इंतजाम नहीं हुआ। हालात भी बद से और बदतर हो गए हैं। वैसे हुलासनगरा क्रॉसिंग पर जाम को रोकने के लिए ही कटरा थाने की चौकी बनी है, इसके अलावा फतेहगंज पूर्वी थाने के छह होमगार्ड और दो सिपाही तैनात रहते हैं। लोगों का कहना है कि यहां तैनात पुलिस दिन भर ट्रक और निजी बस चालकों से उगाही में लगी रहती है। कहीं न कहीं इस वजह से भी वाहनों का क्रॉसिंग पर जमावड़ा रहता है। फिर जब जाम भीषण हो जाता है तो पुलिस हरकत में आती है।

धूल का इतना गुबार कि दिन में भी छा जाता है अंधेरा

हुलासनगरा क्रॉसिंग के दोनों ओर सड़क की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है। बरेली से शाहजहांपुर जाने वाली एक लेन 500 मीटर तक पूरी तरह उधड़ी पड़ी है। सड़क पर गहरे गड्ढे हो गए हैं, जबकि क्रॉसिंग के दूसरी ओर मीरानपुर कटरा की तरफ करीब पौन किलोमीटर तक हाईवे की दोनों लेन बदहाल हैं, इनमें गहरे गड्ढे हो गए हैं। जिनसे उड़ने वाले धूल की गुबार की वजह से दिन में भी वाहन चालकों को आंखों के आगे अंधेरा छा जाता है, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। इस कारण भी यहां से वाहनों को बेहद धीमी रफ्तार में निकालना पड़ा है।

फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने थाना कटरा पर टाला, कटरा पुलिस ने एनएचएआई पर

बरेली के थाना फतेहगंज पूर्वी के प्रभारी सुरेंद्र कटियार का कहना है कि अधिकारियों के निर्देश आए तो हैं, अक्सर अतिरिक्त पुलिस बल लगाकर जाम खुलवाया जाता है लेकिन फतेहगंज पूर्वी के बजाय मीरानपुर कटरा की तरफ जाम ज्यादा लगता है। उधर, सीओ तिलहर परमानंद पांडेय का कहना है कि कटरा पुलिस पूरी मुस्तैदी से जाम की समस्या से निपटने के लिए गंभीर रहती है। ट्रैफिक पुलिस भी जाम न लगने देने की कोशिश में रहती है मगर बार-बार क्रॉसिंग बंद होने के कारण जाम लग जाता है। जब तक एनएचएआई ओवरब्रिज का निर्माण नहीं करा देता, तब तक जाम की समस्या से छुटकारा मिलना मुश्किल है।

जाम रोकने के लिए पुलिस चौकी बनाई, नहीं की इंचार्ज की तैनाती

शाहजहांपुर। हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग के पास रोजाना लगने वाले जाम से निपटने के लिए पुलिस चौकी खोली गई थी मगर इस चौकी में इंचार्ज की ही तैनाती नहीं की गई। कुछ महीने पहले एसपी एस. आनंद ने इस पुलिस चौकी का उद्घाटन किया था। अपराध रोकने से ज्यादा इस चौकी की प्राथमिकता नेशनल हाईवे पर जाम न लगने देने की तय की गई थी लेकिन इसके बावजूद रोज लंबा जाम लगने के सिलसिले में कोई बदलाव नहीं आया। कटरा के थाना प्रभारी प्रवीण सोलंकी कहते हैं कि चौकी में सिपाही, होमगार्ड और यातायात सिपाही समेत 18 कर्मचारियों का स्टाफ दो शिफ्ट में ड्यूटी करता है। चौकी इंचार्ज तो वहां नियुक्त किया जाता है जिसकी रेंज में आठ-दस गांव आते हों। एसपी ग्रामीण संजीव कुमार वाजपेयी ने बताया कि हुलासनगरा पुलिस चौकी पर दरोगा की तैनाती है। हर समय स्टाफ मौजूद रहता है। क्रॉसिंग के बार-बार बंद होने की वजह से जाम लग जाता है। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें