पुलिस पर तस्करों को संरक्षण देकर कार्रवाई न करने का आरोप
फरीदपुर। पढ़ेरा के स्मैक तस्कर प्रधान शहीद खान उर्फ छोटे का नेटवर्क ध्वस्त करने के लिए तमाम लोग सक्रिय हो गए हैं। फरीदपुर के मोहम्मद जावेद नाम के व्यक्ति ने एसएसपी और एसपी देहात को पत्र देकर उसके गैंग के दस अन्य सदस्यों के नामों की जानकारी दी है। पुलिस ने इस सूची पर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों शहीद खान को 20 किलो स्मैक के साथ गिरफ्तार कर फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने जेल भेजा था। मुकदमा फतेहगंज पूर्वी के इंस्पेक्टर की ओर से दर्ज कराया गया था इसलिए विवेचना फरीदपुर इंस्पेक्टर को दी गई। प्रधान को कस्टडी पर लेकर पूछताछ के बाद पुलिस इस मामले में करीब दर्जन भर लोगों के नाम बढ़ा चुकी है। मगर अब पुलिस पर भी आरोप लगने शुरू हो गए हैं। फरीदपुर निवासी मोहम्मद जावेद नाम के व्यक्ति ने एसएसपी और एसपी देहात को पत्र भेजकर दस नामों की एक सूची सौंपी है। इसमें इन लोगों के मोबाइल नंबर भी लिखे हैं। आरोप लगाया है कि ये सभी आरोपी स्मैक तस्कर प्रधान के साथी हैं। मगर पुलिस इन्हें संरक्षण दे रही है और कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
पीडब्ल्यूडी करेगी संपत्ति का आकलन
एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि प्रधान की 19 स्थानों पर 67 बीघा जमीन, ईंट भट्ठा, बैटरी फैक्टरी, गांव की कोठी और एक मकान समेत कुछ अन्य संपत्तियां सामने आई हैं। पीडब्ल्यूडी को पत्र लिखकर इनका आकलन कराया जा रहा है। इसके बाद आगे की कार्रवाई कराई जाएगी। इसके अलावा सूची में जो नाम सामने आए हैं, उनका भी सत्यापन कराया जा रहा है।
वायरल हो चुकी है 20 नामों की सूची
इससे पूर्व फरीदपुर कस्बे के व्हाट्सएप ग्रुपों में 20 नामों की एक सूची भी वायरल हो चुकी है। इन सभी को शहीद खान का साथी बताया गया था और इसी तरह उनके मोबाइल नंबर भी दर्ज थे। पुलिस ने इन सबका ब्योरा जुटाकर उन पर भी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।