लखनऊ में तैनात है फौजी, सीसीटीवी में कैद हुए चोर
बरेली। सूर्या एन्कलेव में एक फौजी के घर से चोर एक लाख रुपये और सोने चांदी के आभूषण ले गए। चोरों ने दोपहर में वारदात को अंजाम दिया, हालांकि पड़ोस के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरों की तस्वीरें कैद हो गई हैं।
लखनऊ में तैनात फौजी प्रेमपाल का पीलीभीत बाईपास स्थित सूर्या एन्क्लेव में घर है। घर पर उनकी पत्नी शकुंतला और बच्चे रहते हैं। प्रेमपाल ने बताया कि आठ अगस्त की सुबह करीब साढ़े दस बजे उनका बेटा मां के साथ आर्मी कैंटीन में घर का सामान लेने के लिए गया था। तभी दो चोर उनके घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। एक चोर 11:55 पर दूसरा 11:57 पर घर में दाखिल हुआ। इसके बाद चोरों ने अंदर के ताले तोड़े। अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे एक लाख रुपये, सोने के जेवरात, दो एटीएम कार्ड, तीन पैन कार्ड आदि चोरी कर ले गए। दोनों चोर दोपहर के 12:06 बजे घर से बाहर निकले। मां बेटे जब कैंटीन से लौटे तो उन्होंने घर के दरवाजों के ताले टूटे देखे। अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी का सारा सामान निकला हुआ था। इज्जतनगर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।