बरेली। पुलिस अपने कीमती सामान की ही हिफाजत नहीं कर पा रही है तो भला आम आदमी क्या उम्मीद करे। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं, वे पुलिस कर्मियों के घरों को भी नहीं बख्श रहे हैं। महिला कांस्टेबल प्रीति राठौर के चौकी स्थित आवास से चोरों ने दिनदहाड़े जेवर और नकदी चोरी कर लिए। उन्होंने थाना प्रेमनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस को कांस्टेबल के किसी करीबी पर ही शक है। मामले जांच शुरू हो गई है।
महिला कांस्टेबल प्रीति राठौर एसपी (देहात) के कार्यालय में तैनात हैं। वह थाना प्रेमनगर क्षेत्र की कोहाड़ापीर चौकी में बने सरकारी आवास में रहती हैं। रक्षाबंधन वाले दिन 22 अगस्त को वह ऑफिस गईं। वहां से सुभाषनगर में रहने वाले अपने भाई को राखी बांधने चलीं गई। शाम पांच बजे लौटीं तो कमरे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली थी। चोर अलमारी से दो सोने की चेन, सोने का कड़ा, चांदी की पायल और आठ हजार की नकदी चोरी कर ले गए। उन्होंने तुरंत यूपी-112 को सूचना दी। प्रीति ने थाना प्रेमनगर में अज्ञात चोर पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर शितांशु शर्मा ने बताया कि दिनदहाड़े चौकी परिसर में बने आवास में चोरी होना बड़ी बात है। कई लोगों से पूछताछ की है। इससे पहले भी थाना प्रेमनगर से टेंपो की स्टेपनी चोरी हो चुकी है।