बरेली। शहर के खिलाड़ियों में लॉन टेनिस का दायरा बढ़ रहा है। रैकेट थामकर शौकिया तौर पर कोर्ट में उतरने वाले किशोर व युवा अब पेशेवर प्रशिक्षण लेकर आगे बढ़ रहे हैं। वह इसमें कॅरिअर का विकल्प तलाश रहे हैं। सुबह-शाम शहर के टेनिस ग्राउंड पर खिलाड़ियों की चहलकदमी यह साबित करती है कि उनमें इस खेल को लेकर नया उत्साह है।
भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके अनिरुद्ध
शौकिया तौर पर रैकेट थामने वाले भारत-बांग्लादेश सीरीज में देश का प्रतिनिधित्व कर सुके हैं। खेल में महारत हासिल करने के लिए वह रोजाना कठिन प्रशिक्षण लेते हैं। वह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी अपनी धाक जमा चुके हैं। उनका कहना है कि खेल ने उन्हें अनुशासन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता की सीख दी।
तैराकी के साथ टेनिस में आजमा रहीं हाथ
इशिता तैराकी के साथ ही लान टेनिस में भी हाथ आजमा रही हैं। वह दोनों खेलों की नियमित ट्रेनिंग लेती हैं। इसके साथ ही पढ़ाई के प्रति भी संतुलन बनाकर रखती हैं। वह अपना समय इस तरह बांटती हैं कि किसी क्षेत्र में समझौता न करना पड़े। वह जिला स्तरीय कई प्रतियोगिताओं में पदक अपने नाम कर चुकी हैं।
पांच साल की उम्र में थामा रैकेट, अब बढ़ रहे आगे
आरिश सेठी ने पांच साल की उम्र में शौकिया तौर पर लॉन टेनिस खेलना शुरू किया था। धीरे-धीरे रुझान बढ़ा तो उन्होंने लगातार अभ्यास शुरू कर दिया। वह दो बार अखिल भारतीय टेनिस चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर चुके हैं। रोज तीन घंटे ट्रेनिंग लेते हैं। स्कूल के बाद होमवर्क पूरा करते हैं, फिर कोर्ट का रुख करते हैं।