बरेली। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर नवंबर में होने वाली 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। मैदान तैयार करने के साथ ही खिलाड़ियों के ठहरने का इंतजाम भी किया जा रहा है।
मैदान पर घास की कटाई, समतलीकरण और गड्ढों को भरने का कार्य तेजी से जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, मैदान को पूरी तरह से वॉलीबॉल एरिना के रूप में विकसित किया जा रहा है। मंडलीय उप शिक्षा निदेशक तृतीय, मुन्ने अली ने मैदान का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
मंडलीय क्रीड़ा सचिव नईम अहमद ने बताया कि इस बार मैदान को और बड़ा करने के लिए पुराने निर्माणों को हटाया गया है। नए स्टेज का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
प्रतियोगिता में देशभर से 980 खिलाड़ी और 150 ऑफिशियल शामिल होंगे। खिलाड़ियों और अधिकारियों के ठहरने के लिए शहर के विभिन्न होटलों में व्यवस्था की जा रही है। खाने-पीने की सुविधा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संवाद