बरेली। व्यावसायिक शिक्षा योजना के तहत रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कक्षा छह से 12 तक के छात्र-छात्राओं को शिक्षा के साथ कौशल प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके तहत ड्रीम लैब का निर्माण जीआईसी में किया जाना है। लैब में विद्यार्थियों को डिजाइन, रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व इलेक्ट्रॉनिक उत्पादन के माध्यम से कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, पशु पालन, ग्रामीण विकास आदि से संबंधित चीजें सिखाई जाएंगी।
राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ओपी राय ने बताया कि ड्रीम लैब का निर्माण जापान व देश की एक बड़ी कंपनी संयुक्त रूप से करेगी। इस कार्य के लिए पांच करोड़ तक का बजट निर्धारित है। विद्यालय परिसर की ए ब्लाॅक इमारत को ड्रीम लैब निर्माण के लिए चयनित किया गया है।
प्रशिक्षणार्थियों का चयन छात्रों के बीच से ही किया जाएगा। जो छात्र 12वीं कर लेंगे उन्हें रोजगार भी कंपनी ही ऑफर करेगी। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य अनु पाराशरी ने बताया कि जीआईसी में निर्माण पूरा होने के बाद जीजीआईसी में भी ड्रीम लैब की स्थापना की जाएगी।
हब एवं स्पोक्स मॉडल पर होगा संचालन
ड्रीम लैब का संचालन हब एवं स्पोक्स मॉडल पर किया जाएगा। पहले चरण में जिले के एक राजकीय इंटर कॉलेज व एक राजकीय बालिका इंटर कॉलेज को हब विद्यालय के रूप में स्थापित किया जाएगा। एक हब से संबद्ध तीन स्पोक्स को माध्यमिक विद्यालयों में स्थापित किया जाएगा। इस तरह पूरे जिले में दो हब व छह स्पोक्स विद्यालय का चयन किया जाना प्रस्तावित है। संवाद