सामान्य से पांच डिग्री कम दर्ज हुआ अधिकतम तापमान
बरेली। बुधवार को धूप से मिली राहत के बाद बृहस्पतिवार को मौसम का मिजाज बिगड़ गया। कोहरे और दिन भर बादल छाए रहने से बढ़ी ठंड पहाड़ों से आ रही सर्द हवा का साथ पाकर और भीषण हो गई है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम यानी 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग से जारी बुलेटिन में शुक्रवार को दिन में हल्की धूप की उम्मीद जताई गई है।
आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. जेपी गुप्ता के मुताबिक पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा से चल रही हवा पहाड़ों के बादलों को लेकर मैदान में प्रवेश कर रही है। सर्द हवा से नमी का स्तर सौ फीसदी तक पहुंच गया है। वहीं, सूरज पर बादलों का पहरा होने से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होने से लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शुक्रवार को दिन में कुछ देर के लिए हल्की धूप खिलने और फिर कोहरा के साथ सर्द हवा चलने की बात कही है। बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान एक डिग्री गिरावट के साथ 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। डॉ. गुप्ता ने हफ्ते भर तक तापमान में गिरावट आने और तीन दिन बाद फिर बादल छाए रहने की आशंका जताई है।
ओपीडी में फिर बढ़े वायरल और दर्द के मरीज
जिला अस्पताल की ओपीडी में बृहस्पतिवार को करीब दो हजार से ज्यादा पर्चे बनाए गए। डॉ. राहुल बाजपेई ने बताया कि ठंड में जरा सी भी लापरवाही सेहत पर भारी पड़ सकती है। ओपीडी में पहुंचने वाले ज्यादातर मरीज सर्दी, खांसी, जुकाम, नजला के अलावा सिर, आंख और शरीर में दर्द से पीड़ित आ रहे हैं। बुजुर्गों के साथ ही युवा भी मांसपेशियों समेत पुरानी चोटों में दर्द की समस्या लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं।