झूलेलाल द्वार के पास हादसा, पूरनपुर का कार चालक गिरफ्तार
बरेली। झूलेलाल द्वार के पास चौराहे पर पूजा कर रही महिला को कार ने रौंद दिया। महिला की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।
एकतानगर की वाल्मीकि बस्ती में रहने वाली नीतू देवी पत्नी जयकिशन सोमवार सुबह करीब 10 बजे झूलेलाल द्वार स्थित काली मंदिर के पास चौराहे पर पूजा कर रही थीं। इसी दौरान पीलीभीत जिले के पूरनपुर निवासी अमनदीप कार लेकर उधर से गुजरे। अमनदीप ने चौराहे पर तेज गति से गाड़ी मोड़ी इससे नीतू कार की चपेट में आ गईं। काफी दूर तक नीतू कार के साथ घिसटती चली गईं। पुलिस ने नीतू को पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया, वहां इलाज के दौरान नीतू ने दम तोड़ दिया। इंस्पेक्टर प्रेमनगर शितांशु शर्मा ने बताया कि अमनदीप को हिरासत में लेकर कार कब्जे में ले ली है। अमनदीप का कहना था कि वह चौराहे पर बैठी महिला को देख नहीं नहीं सका था।
नीतू की मौत से उनके घर में कोहराम मच गया। नीतू की आठ साल की एक बेटी है। परिजन ने थाने जाकर हंगामा किया। इस पर पुलिस ने अमनदीप को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। साथ ही उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। अमनदीप की पूरनपुर में ऑटो पाटर्स की दुकान है। सोमवार को वह कार से सामान लेने बरेली आया था।
जहां तक हो बचें चौराहों पर पूजा करने से
शहर में अक्सर महिलाएं चौराहों पर पूजा करती दिखाई देती है। चौराहों पर जबरदस्त ट्रैफिक रहता है। ऐसे में महिलाएं पूजा करने के दौरान हड़बड़ा जाती हैं। यही कारण है कि हादसे हो जाते हैं। यातायात पुलिस का कहना है कि महिलाएं चौराहों पर पूजा करने से बचें। मंदिर या किसी धार्मिक स्थान पर ही पूजा करें। चौराहे पर पूजा करने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है और अक्सर हादसे हो जाते हैं।