बरेली। अगर आप ऑनलाइन ट्रेन की स्थिति देखते हैं तो सावधान रहें। एप पर स्थिति देखकर चलने से आपकी ट्रेन छूट भी सकती है। सोमवार को कुछ ऐसे ही एक एप ने धोखा दिया और जंक्शन पर घंटों यात्री ट्रेन का इंतजार करते रहे। मामले की शिकायत डीआरएम से एक्स पर की गई है।
पूर्व भाजपा सांसद धर्मेंद्र कश्यप के मीडिया प्रभारी राहुल कश्यप ने डीआरएम को एक्स पर ट्वीट कर बताया कि इज्जतनगर मंडल की ट्रेन संख्या 55308 काशीपुर-कासगंज पैसेंजर सुबह 10.05 बजे जंक्शन पहुंचती है। सोमवार को यह ट्रेन लेट थी। ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर आना था, इसलिए वहां बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे। समय बीतने के काफी देर बाद तक ट्रेन की लोकेशन स्पष्ट न होने पर लोगों ने निजी एप व्हेयर इज माय ट्रेन पर जानकारी हासिल करनी चाही तो उस पर ट्रेन बदायूं पहुंचने की जानकारी दी गई। प्लेटफॉर्म पर एनाउंसमेंट सिस्टम भी नहीं चल रहा था। ऐसे में यात्री परेशान हो गए।
एक्स पर जब शिकायत की गई तो डीआरएम ने मामले का संज्ञान लेते हुए एक्शन लिया और यात्रियों की सुविधा के लिए सही स्थिति का अनाउंसमेंट करवाया। बाद में यह ट्रेन दोपहर 1.10 बजे स्टेशन पहुंची। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रेन की सही लोकेशन जानने के लिए आधिकारिक एनटीईएस मोबाइल एप का ही उपयोग करना ठीक है। संवाद