अपना प्रार्थना पत्र देते दानिश (दाढ़ी वाला)
- फोटो : अमर उजाला
बरेली में रामलीला में राम का किरदार निभाने वाले पुराना शहर निवासी दानिश का किरायेदार इसे मुद्दा बनाकर उनका सामाजिक विरोध कर रहा है। दानिश से उसका किरायेदारी का विवाद भी चल रहा है। मगर वह उनके राम बनने के मुद्दे को तूल दे रहा है। इसे लेकर घर में घुसकर उन पर चाकू से हमला कर चुका है। दानिश ने एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
रंगकर्मी दानिश ने बताया कि वह रामलीला में राम का किरदार निभाते हैं। उनकी मां ने घर में चार दुकानें बनवाई थीं। इनमें से दो दुकानें एक ही व्यक्ति के पास कई साल पहले से किराये पर थीं। जब उन्होंने पुराना भवन तोड़कर नया बनवाया तो उस व्यक्ति ने कुछ समय के लिए दुकानें देने को कहा। उन्होंने पांच हजार रुपये के किराये पर 11 महीने के लिए दुकान उसे दे दी। मगर इसके बाद उसने न तो दुकान खाली की और न ही किराया दिया।
किराएदारी के विवाद को सांप्रदायिक रंग दे रहा किराएदार
दानिश का कहना है कि वह कलाकार हैं और सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। रामलीला में राम का किरदार भी निभाते हैं। इस बार भी इसकी तैयारी कर रहे हैं। यह जानकारी होने पर किरायेदार इसे मुद्दा बनाकर समाज में उनका विरोध कर रहा है। समाज के अन्य लोगों को भी उनके खिलाफ भड़का रहा है और कहता है कि अगर इस बार रामलीला में राम का किरदार दानिश ने निभाया तो उन्हें जान से मार देगा। उन्होंने आरोप लगाया कि रविवार रात करीब साढ़े दस बजे किरायेदार चाकू लेकर उनके घर में घुस आया और रामलीला में मंचन करने पर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के दौरान दानिश के साथ उनके साथी समयुन खान और इस्रफील राशमी भी मौजूद थे।
जांच में निकला किरायेदारी का विवाद
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि बारादरी पुलिस से मामले की जांच कराई गई थी। मगर जांच में किरायेदारी का विवाद सामने आया है। दानिश को रामलीला करने से किसी प्रकार की रोक नहीं है। अगर कोई इस तरह की दिक्कत पैदा करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।