पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री स्वामी चिन्मयानंद पर आरोप लगाने वाली छात्रा अपने परिवार के साथ शनिवार देर रात दिल्ली से अपने घर पहुंची। दिल्ली पुलिस पूरे परिवार को सुरक्षा के साथ शाहजहांपुर लाई और यहां शाहजहांपुर पुलिस के हवाले कर दिया।
एसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी ने छात्रा के शाहजहांपुर पहुंचने की पुष्टि करते हुए बताया कि छात्रा के घर पर कड़ी सुरक्षा लगा दी गई है। रविवार को एसआईटी पीड़ित छात्रा और उसके परिवार से बात कर सकती है।
सुरक्षा ड्यूटी में लगे पुलिस कर्मियों ने छात्रा के परिजनों से की अभद्रता
छात्रा के घर सुरक्षा में लगे पुलिस कर्मियों ने छात्रा के ताऊ और तहेरे भाइयों को हड़काते हुए उनके साथ अभद्रता कर दी। मामले की जानकारी मिलते ही एसपी डॉ. एस चन्नप्पा भी छात्रा के घर पहुंच गए और सुरक्षा में लगे पुलिस कर्मियों को जमकर फटकार लगाई और दोबारा गलत हरकत करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
छात्रा के घर पर सुरक्षा के लिए लगाए गए पुलिस कर्मियों से छात्रा के ताऊ और तहेरे भाइयों से विवाद हो गया। बताते हैं कि रात आठ बजे से सुबह आठ बजे की शिफ्ट में ड्यूटी करने वाले सिपाही छात्रा के घर के मुख्य गेट पर लगे चैनल को बंद करके रात में छात्रा के घर के बराबर वाले कमरे में सो जाते थे। इस पर तहेरे भाइयों ने एतराज जताया, लेकिन वह लोग नहीं माने।
शुक्रवार रात पुलिस वालों ने चैनल में ताला लगाया और कमरे में सो गए। तहेरे भाइयों ने भी अपना ताला लगा दिया। शनिवार सुबह चैनल में दूसरा ताला पड़ा देख सिपाहियों का पारा हाई हो गया। तहेरे भाइयों को हड़काना शुरू कर दिया और छात्रा के ताऊ से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें अपमानित किया तो तहेरे भाइयों ने एसपी डॉ. एस चन्नप्पा को सूचना दी।
एसपी भी चौक कोतवाली पुलिस टीम के साथ छात्रा के घर पहुंच गए और सिपाहियों को कड़ी फटकार लगाई और दोबारा इस तरह की हरकत करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। वहीं एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने बताया कि कुछ नोकझोंक हो गई थी। पुलिस कर्मियों को अच्छे से समझा दिया है।