स्वामी चिन्मयानंद प्रकरण में एसआईटी की जांच बुधवार को भी जारी है। शाहजहांपुर में बुधवार दोपहर छात्रा को मेडिकल टेस्ट के लिए भेजा गया। इस दौरान एसआईटी की महिला टीम छात्रा को कड़ी सुरक्षा के बीच महिला जिला अस्पताल लेकर पहुंची।
छात्रा के मेडिकल टेस्ट के बाद आने वाली रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच की जाएगी। खबर है कि एसआईटी की टीम आज स्वामी चिन्मयानंद से भी पूछताछ करेगी। मालूम हो कि मंगलवार को एसआईटी की टीम ने मामले से संबंधित साक्ष्य जुटाने के लिए एसएस लॉ कॉलेज के हॉस्टल में छात्रा के सील कमरे को खुलवा कर खंगाला था।
इससे पहले, छात्रा स्वामी चिन्मयानंद पर गंभीर आरोप लगाने के बाद पहली बार मीडिया के सामने आई थी और दावा किया था कि यूपी पुलिस चिन्मयानंद के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज नहीं कर रही है। छात्रा ने आरोप लगाया था कि कॉलेज में और भी छात्राएं हैं, जिनके साथ स्वामी ने इसी तरह की हरकतें की हैं, लेकिन वह पहली लड़की है, जिसने उसके खिलाफ आवाज उठाई है।
छात्रा ने कहा कि उसके पास सबूत हैं और वह समय आने पर सारे सबूत पेश करेगी। छात्रा ने कहा कि एसआईटी ने उससे व उसके पिता से 11 घंटे तक पूछताछ की। उसे एसआईटी की पूछताछ से कोई दिक्कत नहीं है लेकिन आरोपी स्वामी चिन्मयानंद से अभी तक न तो पूछताछ की गई और न ही उसे गिरफ्तार किया गया, जबकि उससे कई चरण में पूछताछ हो चुकी है। छात्रा ने आरोप लगाया कि जब उसके पिता ने चौक कोतवाली में तहरीर दी थी तब डीएम ने उसके पिता को धमकाया था।