नमाज पढ़ने को लेकर फाईक एन्क्लेव में सुन्नी-देवबंद मसलक के लोग आमने सामने आ गए। सुन्नी इमाम का आरोप है कि अचानक लोगों ने आकर देर रात 11 बजे उनको घेरकर हमला कर दिया। वहीं, किसी ने इस घटना की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया।
फाईक एन्क्लेव में मजार से करीब 150 मीटर आगे बनी नई मस्जिद आसिफा जमाल के इमाम वसीम हैं। लोगों के मुताबिक देवबंद मसलक का एक आदिल नाम का युवक पिछले चार साल से मस्जिद में नमाज पढ़ रहा था। कई बार मस्जिद के इमाम ने उसे सही से नमाज अदा करने को समझाया। बताते हैं कि शुक्रवार को जब आदिल ने मस्जिद में नमाज पढ़ी तो लोगों ने उसे समझाते हुए कहा कि अगर नमाज सही से नहीं पढ़ोगे तो किसी की नमाज नहीं हो पाएगी। वहीं, नमाज के बाद आदिल को इमाम ने भी समझाया था। आरोप है कि रात करीब 11 बजे आदिल के पक्ष से देवबंद समाज के तीन चार लोग मस्जिद में घुस आए।
इमाम वसीम से अभद्रता करने लगे। इसके बाद आस पास के लोगों को जानकारी हुई तो वह जमा हो गए और उन्हें देख सभी ने मस्जिद खाली कर दी। इसके बाद हंगामा हुआ और कुछ देर बाद सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई।
मस्जिद में ऐलान होते ही दहशत का माहौल
सुन्नी और देवबंद दोनों ही अलग-अलग मसलक हैं। एन्क्लेव की मस्जिद से अचानक एलान हुआ कि देवबंदियों ने इमाम साहब को घेर लिया है। जिसके बाद आस-पास के लोग जमा हो गए। देवबंद समाज का नाम सामने आते ही कॉलोनी वासियों में दहशत का माहौल पैदा हो गया और दो समुदाय आमने सामने आ गए। थाना बारादरी के इंस्पेक्टर नीरज मलिक का कहना है कि सुन्नी-देवबंद के बीच झगड़े का मामला सामने आया था। सूचना पर मौके पर पुलिस को भेजा गया है। माहौल शांत हो गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी।