प्रयोगात्मक परीक्षा कराने की तिथि बढ़ाई
रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने स्नातक स्तर पर विषम सेमेस्टर सत्र 2025-26 की बाह्य प्रयोगात्मक/आंतरिक परीक्षा कराने की तिथि पांच फरवरी तक बढ़ा दी है। बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए, बीएससी (गृहविज्ञान) तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर और बीबीए रिटेल/हेल्थ केयर एवं बीसीए तृतीय सेमेस्टर आदि पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी इस बदलाव से प्रभावित होंगे। परीक्षा कराने की अंतिम तिथि पहले 16 जनवरी थी।परीक्षा नियंत्रक के अनुसार पांच फरवरी के बाद किसी भी दशा में अंक स्वीकार नहीं किये जाएंगे। ऐसे महाविद्यालय जो इस अवधि में अंक अपलोड नहीं करते हैं, उनका परीक्षाफल घोषित करने पर विचार नहीं किया जाएगा।
विलंब शुल्क के साथ कृषि के छात्रों को फॉर्म भरने का मिला मौका
रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित बीएससी (कृषि), बीएससी (कृषि आनर्स) प्रथम सेमेस्टर (केवल बैक परीक्षा) एवं तृतीय, पंचम एवं सप्तम व एमएससी (कृषि) प्रथम सेमेस्टर (केवल बैक परीक्षा), तृतीय सेमेस्टर की मुख्य/भूतपूर्व एवं बैक परीक्षा फार्म भरने का एक और अवसर मिला है। पहले फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 15 जनवरी थी। अब विद्यार्थी 18 जनवरी को 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फॉर्म भरने के साथ शुल्क जमा कर सकते हैं। महाविद्यालय से ऑनलाइन स्वीकृत की तिथि 19 जनवरी है।