इलाके के एक इंटर कॉलेज के शिक्षक कुलदीप सिंह ने पढ़ाई न करने पर छात्र रोहित को थप्पड़ मार दिया था। इससे नाराज रोहित ने अपने साथियों संजय गुर्जर और अमित गुर्जर के साथ शनिवार दोपहर बाद कुलदीप सिंह को उनई मकरूका गांव के पास घेरकर पीट दिया। आरोप है कि शिक्षक के साथ मौजूद दो शिक्षिकाओं से छेड़खानी भी की। तीनों शिक्षक शिकायत करने आरोपी छात्रों के घर गए तो उनके परिजनों ने छात्रों को डांटने के बजाय उनको ही बुरा-भला कहा।
इसके बाद शिक्षक नारायण नगला चौकी पर पहुंचे और तहरीर दी। चौकी प्रभारी अंकित बघेल ने छात्रों व उनके अभिभावकों को बुलवाया। वहां समझौतानामा तैयार किया गया। हस्ताक्षर से पहले चौकी प्रभारी अंकित बघेल और सिपाही कपिल ने छात्रों से शिक्षक के पैर छूकर माफी मांगने के लिए कहा। रोहित ने माफी मांग ली लेकिन संजय ने मना कर दिया।
पुलिस ने आरोपी संजय को पकड़ा
सिपाही कपिल और हेड कांस्टेबल उमेंद्र ने संजय को जबरन झुकाने का प्रयास किया तो उसने कपिल को तीन थप्पड़ मारे। चौकी प्रभारी आगे बढ़े तो संजय ने उनको भी थप्पड़ जड़ दिए। इस दौरान अन्य आरोपी छात्र वहां से भाग गए, लेकिन पुलिस ने संजय को पकड़ लिया। कुलदीप सिंह की तहरीर पर तीनों छात्रों व उनके परिजनों समेत दस लोगों के खिलाफ दो रिपोर्ट दर्ज की गई हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस चौकी पहुंचे छात्र पहले आपस में भिड़े और बीच-बचाव करने पर पुलिसकर्मियों से मारपीट करने लगे। आरोपियों के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। एक छात्र गिरफ्तार है। बाकी की तलाश की जा रही है।
'कॉकरोच जनता पार्टी' के आंदोलन से प्रभावित था छात्र
पुलिस के मुताबिक, बीए का छात्र संजय दिल्ली में हुए 'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रदर्शनों के वीडियो नियमित रूप से देखता था, जिसके कारण वह काफी उत्तेजित मानसिकता में था। पुलिस का दावा है कि संजय ने चौकी में दरोगा से कहा था कि 'धारा में मुकदमा होगा' और उसने चौकी फूंक देने की धमकी भी दी। पुलिस पर हमला करने के बाद भी उसमें कोई पछतावा नहीं दिखा।