बरेली के हाफिजगंज क्षेत्र में मंगलवार रात एक साथ कई ड्रोन उड़ते देखे जाने का दावा किया गया है। इसको लेकर लोगों में कौतूहल है कि आखिर ये ड्रोन उड़ा कौन रहा है? सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, जिनमें आसमान में कोई वस्तु उड़ती दिख रही है। अंधेरे में सिर्फ उसकी लाइट दिख रही है। हालांकि अमर उजाला वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
ग्रामीणों के मुताबिक, हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गांव सुंदरी, नरहरपुर, राजघाट बिजामऊ, हरहरपुर, बड़ेपुरा, परेवा समेत कई गांव में 15 दिन से रात में ड्रोन उड़ते दिखाई दे रहे हैं, जिसमें लाल नीली लाइट जलती दिखती है। लोगों ने इस संबंध में कई बार सोशल साइटों पर माध्यम से लोगों को अवगत कराया। जिसको लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हुईं, लेकिन पुलिस ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया।