यह है मामला
आंवला से बसपा प्रत्याशी आबिद अली ने सपा प्रत्याशी नीरज मौर्य और बसपा से ही टिकट होने का दावा करके नामांकन करने वाले सत्यवीर सिंह पर धोखाधड़ी व साजिश जैसी गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सत्यवीर पार्टी के प्रत्याशी नहीं हैं, इसकी पुष्टि एक दिन पहले बसपा प्रमुख मायावती ने की थी और उसके बाद उनका नामांकन निरस्त किया गया था। इसके बाद बसपा उम्मीदवार आबिद अली ने अपने साथ हुई साजिश में सपा प्रत्याशी नीरज मौर्य को भी शामिल बताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बरेली में गरमाई सियासत: आंवला से बसपा प्रत्याशी ने सपा उम्मीदवार पर दर्ज कराई रिपोर्ट, पुलिस ने शुरू की जांच
सपा प्रत्याशी नीरज मौर्य ने सोमवार को प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि आंवला में जो समीकरण बन रहे हैं, उससे भाजपा घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि हमारे खिलाफ षड्यंत्र रचा जा रहा है। कुछ लोग दूसरों के हाथों का खिलौना बनकर चुनाव लड़ रहे हैं। बसपा भाजपा की बी टीम बनकर काम कर रही है। नीरज मौर्य ने आबिद अली द्वारा लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया। साथ ही अपने ऊपर हमले की आशंका जताई है।